Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

*मायका मेरा आ॑गन*

 

*मायका मेरा आ॑गन*



उमेश कुमार सक्सेना बडोदरा 



        घर के आँगन में कदम रखते ही रमा ने अपनी भाभी सुनीता के चेहरे पर नाराजगी पढ़ ली। वह समझ गई कि उसका आना शायद उन्हें अच्छा नहीं लगा।

रमा के पति सरकारी नौकरी में थे। कुछ वर्ष पहले बीमारी के कारण उनका स्वर्गवास हो गया था। उनके जाने के बाद मिलने वाली पारिवारिक पेंशन से रमा अपना खर्च चला लेती थी। संतान भी कोई नहीं थी। माता-पिता के गुजर जाने के बाद भाई राजेश का घर ही उसका मायका और भावनात्मक सहारा था।

लेकिन सुनीता को उसका बार-बार आना पसंद नहीं था।

उस दिन भी रमा के आते ही सुनीता बड़बड़ाने लगी,

"माँ-बाप तो रहे नहीं, लेकिन मायका छोड़ने का नाम ही नहीं लेतीं। अपना घर तो जैसे है ही नहीं।"

रमा ने अनसुना कर दिया। भाई के पास जाकर उसके चरण छूते हुए बोली,

"भैया, कैसे हो?"

राजेश ने प्यार से सिर पर हाथ रखा।

"मैं ठीक हूँ बहन, तू बता। इस बार बहुत दिनों बाद आई है।"

"बस भैया, तुम्हारी याद आ गई। सोचा, दो दिन तुम्हारे साथ रह लूँ।"

"दो दिन क्यों? जितने दिन मन करे रह। यह घर भी तेरा है।"

दूर खड़ी सुनीता ने यह सुना और मुँह फेरकर रसोई में चली गई।अगले कुछ दिनों तक सुनीता का व्यवहार रूखा ही रहा। रमा चाय से लेकर खाने तक की अपनी जरूरतें स्वयं पूरी करती, ताकि उसकी वजह से भाई-भाभी के बीच तनाव न हो।

एक दिन राजेश ने पूछा,

"रमा, तू इतनी चुप-चुप क्यों रहती है?"

वह मुस्कराकर बोली, "कुछ नहीं भैया, बस उम्र के साथ बोलना कम कर दिया है।"

राजेश ने उसकी आँखों में झाँकते हुए कहा,

"बहन, तू मुझसे अपनी परेशानी छिपाना कब से सीख गई? तेरी आँखें बता देती हैं कि मन में क्या चल रहा है।"

रमा ने बात बदल दी।

रविवार को राजेश और रमा बैठक में बैठे बचपन की बातें कर रहे थे। माँ के हाथ के पकवान, पिताजी की डाँट और शरारतें याद करके दोनों हँस रहे थे।

तभी सुनीता चार नए सूट लेकर आई और रमा के सामने रखते हुए बोली,

"ये लो, तुम्हारी विदाई के कपड़े। अब तो अपने घर जाओगी न!"

राजेश का चेहरा तमतमा उठा।

"सुनीता! यह क्या तरीका है बात करने का?"

सुनीता ने जवाब दिया,

"तो क्या गलत कहा? दस दिन हो गए हैं। आखिर इनका भी तो अपना घर है। कब तक यहाँ रहेंगी?"

राजेश ने गुस्से में कहा,

अपना घर? किस घर की बात कर रही हो? जिस आँगन में इसका बचपन बीता, उसे यह कहाँ से ढूँढ़कर लाएगी?"

सुनीता बोली,

"मैंने कभी इन्हें आने से रोका है? लेकिन हर बार आकर यहीं रहने लगना भी तो ठीक नहीं। घर-गृहस्थी की अपनी जिम्मेदारियाँ होती हैं।"

रमा ने भाई का हाथ पकड़ लिया।

"भैया, रहने दो। मेरी वजह से तुम दोनों के बीच झगड़ा अच्छा नहीं लगता।"

राजेश ने बहन की ओर देखकर कहा,

"रमा, तू चुप रह। आज मुझे कुछ बातें साफ करनी हैं।"

फिर सुनीता से बोला,

"माँ-पिताजी के जाने के बाद यह कितनी अकेली हो गई है, कभी सोचा है? पति के जाने के बाद कितनी रातें इसने रोते हुए काटी हैं। अपनी पेंशन से अपना खर्च चला लेती है। इसे किसी से कुछ नहीं चाहिए। जब इसे किसी अपने की जरूरत होती है, तो यह किसके पास आए? क्या भाई का घर भी इसके लिए पराया हो गया?"

सुनीता ने धीमे स्वर में कहा,

"मैं भी तो इस घर की बहू हूँ। मेरी भी कुछ भावनाएँ हैं।"

राजेश ने संयमित स्वर में जवाब दिया,

"बिल्कुल हैं और उनका सम्मान करना मेरा फर्ज है। लेकिन क्या तुम्हारी जगह बनाए रखने के लिए मुझे अपनी बहन की जगह मिटानी पड़ेगी?"

रमा की आँखों से आँसू बहने लगे। वह सुनीता के पास जाकर बोली,

"भाभी, मुझे माफ कर दीजिए। मुझे इस घर की किसी चीज की जरूरत नहीं है। न गहनों की, न कपड़ों की, न पैसों की। मैं तो बस कभी-कभी यहाँ आकर माँ की खुशबू महसूस कर लेती हूँ। भैया को देखकर लगता है कि पिताजी अभी भी मेरे साथ हैं।"

कुछ पल रुककर उसने भर्राए गले से कहा,

"भाभी, क्या मायका सिर्फ शादी तक ही मायका रहता है? क्या पति के चले जाने के बाद बहन का भाई पर अधिकार भी खत्म हो जाता है?"

सुनीता निरुत्तर खड़ी रही।

कुछ देर बाद राजेश अलमारी से एक फाइल निकालकर लाया।

"सुनीता, कुछ महीने पहले मैंने रमा से पिता की संपत्ति में उसका कानूनी हिस्सा लेने को कहा था, लेकिन इसने मना कर दिया।"

फिर रमा से पूछा,

"क्यों बहन, क्या कहा था तूने?"

रमा ने नजरें झुका लीं।

"भैया, अब रहने भी दो।"

राजेश ने आग्रह किया तो वह बोली,

"मैंने कहा था कि मुझे संपत्ति में हिस्सा नहीं चाहिए। मुझे मेरा हिस्सा नहीं, मेरा भाई चाहिए। अपना हिस्सा लेकर अलग हो जाऊँगी तो कागजों पर मकान तो मिल जाएगा, लेकिन माँ-पिताजी के बाद जो एक रिश्ता बचा है, कहीं वह भी दूर न हो जाए।"

कमरे में सन्नाटा छा गया।

राजेश ने सुनीता की ओर देखकर कहा,

"जिस घर में तुम रहती हो, उसमें रमा का भी कानूनी अधिकार है। लेकिन इसने कभी अपने अधिकार का इस्तेमाल करके तुम्हारे सुख में बाधा नहीं डाली। इसे तो बस भाई के साथ दो घड़ी बैठकर हँसना है। याद रखना, तुम इस घर में पत्नी बनकर आई हो और यह बेटी बनकर जन्मी है। दोनों के रिश्ते अलग हैं, लेकिन किसी का सम्मान दूसरे की कीमत पर नहीं होना चाहिए।"

सुनीता की आँखें भर आईं। वह रमा के पास आई और उसके हाथ पकड़कर बोली,

"रमा, मुझे माफ कर दो। शायद मैं तुम्हारे आने को अपने अधिकारों में दखल समझ बैठी थी। मैंने कभी यह नहीं सोचा कि माँ-पिताजी के जाने के बाद तुम्हारे मन में कितना खालीपन होगा।"

रमा ने उसके आँसू पोंछते हुए कहा,

"भाभी, आप मुझसे बड़ी हैं। मुझे भी माफ कर दीजिए।"

सुनीता ने उसे गले लगा लिया।

"पगली! अब जब भी मन करे, यहाँ आ जाना। आने से पहले फोन करने की जरूरत भी नहीं है।"

राजेश ने हँसते हुए कहा,

"और मेरे लिए भी कोई नियम बना दो। कहीं ऐसा न हो कि मुझे अपने ही घर आने के लिए इजाजत लेनी पड़े!"

तीनों के चेहरों पर मुस्कान आ गई।

सुनीता रसोई की ओर बढ़ते हुए बोली,

"रमा, आज तेरी पसंद की खीर बनाती हूँ। माँ से सीखी थी, याद है न?"

रमा की आँखें फिर भर आईं।

"भाभी, आज तो आपने सचमुच माँ की याद दिला दी।"

शाम को रमा जाने लगी तो सुनीता ने उसका बैग एक तरफ रख दिया।

"अभी कहाँ जा रही है? कुछ दिन और रह।"

रमा ने भाभी को गले लगा लिया। उसकी आँखों में खुशी के आँसू थे। उसे लगा, माँ-पिताजी भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनका आँगन अब भी जीवित है।

राजेश ने मुस्कराकर कहा,

"रमा, यह घर हमेशा तेरा था, तेरा है और तेरा ही रहेगा।"

सुनीता ने उसका हाथ थामते हुए कहा,

"और अब यह मत सोचना कि यहाँ आने के लिए तुम्हें किसी की इजाजत चाहिए।"

उस दिन रमा को मायका ही नहीं, रिश्तों में खोया हुआ अपनापन भी वापस मिल गया था।

सच है, बहन भाई के घर में संपत्ति का हिस्सा लेने नहीं आती, कई बार वह सिर्फ अपने हिस्से का भाई माँगने आती है।



Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ