*किसे कहें अपना*
उमेश कुमार सक्सेना
नन्ने मियाँ शहर के जाने-माने टू-व्हीलर मैकेनिक थे। उनकी उँगलियों में जैसे कोई जादू था। शहर में किसी की मोटरसाइकिल या स्कूटर खराब हो जाए तो लोग सीधे नन्ने मियाँ की दुकान पर पहुँचते थे। उनकी खासियत थी कि वे वाहन को इस तरह दुरुस्त करते कि लगता ही नहीं था कि कभी उसमें कोई खराबी भी आई थी।
उनकी दुकान केवल रोजी-रोटी का जरिया नहीं, बल्कि उनकी पहचान थी। मेहनत, ईमानदारी और हुनर के बल पर उन्होंने शहर में अपनी एक अलग जगह बनाई थी।
परिवार में पत्नी और दो बेटे थे। जिंदगी बहुत अमीरों जैसी तो नहीं थी, लेकिन सुकून से गुजर रही थी।
एक दिन उनके एक पुराने दोस्त असगर मियाँ ने सलाह दी।
"नन्ने भाई! आखिर कब तक इस छोटी-सी दुकान में खटते रहोगे? तुम्हारे हाथ में हुनर है। सऊदी अरब चले जाओ। वहाँ अच्छे कारीगरों की बहुत माँग है। यहाँ जितना साल भर में कमाते हो, वहाँ शायद उतना महीना भर में कमा लोगे।"
नन्ने मियाँ सोच में पड़ गए।
"लेकिन असगर भाई, बीवी-बच्चों को छोड़कर कैसे जाऊँ? उनके बिना मेरा मन कैसे लगेगा?"
असगर मियाँ ने समझाया, "भाई, आज थोड़ी तकलीफ उठा लो। कल बच्चों का भविष्य सँवर जाएगा। दो-चार साल मेहनत करोगे तो अपना मकान होगा, बच्चों की पढ़ाई होगी और बुढ़ापा आराम से कटेगा।"
यह बात नन्ने मियाँ के दिल में बैठ गई।
किसी तरह पासपोर्ट और वीजा बनवाया। पत्नी को घर की जिम्मेदारी सौंपी और दोनों बच्चों को प्यार से समझाया।
"बेटा, मैं तुमसे दूर जरूर जा रहा हूँ, लेकिन यह दूरी तुम्हारे अच्छे भविष्य के लिए है। मेरी बस एक ही ख्वाहिश है कि तुम दोनों पढ़-लिखकर अच्छे इंसान बनो। मुझे तुमसे कुछ नहीं चाहिए, बस तुम्हारा प्यार चाहिए।"
बच्चों ने पिता को गले लगा लिया। पत्नी की आँखें भी नम थीं।
नन्ने मियाँ ने उन आँसुओं को अपने लिए दुआ समझा और परदेश रवाना हो गए।
सऊदी अरब पहुँचकर नन्ने मियाँ ने एक गैराज में काम शुरू कर दिया। सुबह से देर रात तक मेहनत करते। कभी तेज गर्मी, कभी थकान, कभी बीमारी, लेकिन उनके पास हर परेशानी का एक ही जवाब था—अपने बच्चे।
हर महीने वे अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा घर भेज देते।
पत्नी से फोन पर कहते, "देखो, बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी मत रखना। और थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाती रहना। मेरा सपना है कि जब वापस आऊँ तो अपना एक अच्छा-सा मकान हो। फिर हम सब साथ रहेंगे।"
पत्नी जवाब देती, "आप चिंता मत कीजिए। यहाँ सब ठीक है। आप बस अपनी सेहत का ध्यान रखिए।"
नन्ने मियाँ यह सुनकर निश्चिंत हो जाते।
लेकिन धीरे-धीरे घर की तस्वीर बदलने लगी।
बच्चों को पिता की मेहनत की कमाई आसानी से मिलने लगी थी। पढ़ाई से अधिक रुचि महँगे मोबाइल, बाइक, दोस्तों की पार्टियों और घूमने-फिरने में होने लगी। माँ भी धीरे-धीरे आराम और दिखावे की जिंदगी की आदी हो गई।
हफ्ते में दो-दो बार ब्यूटी पार्लर जाना, किटी पार्टियों में शामिल होना, महँगे कपड़े और दूसरी सुख-सुविधाएँ अब उसकी दिनचर्या बन चुकी थीं।
कभी जिस घर में नमाज, दुआ और सादगी का माहौल था, वहाँ अब दिखावे और शौक ने जगह बना ली थी।
नन्ने मियाँ जब फोन करते तो पत्नी कहती, "बच्चों के खर्चे बहुत बढ़ गए हैं। आजकल सब कुछ कितना महँगा हो गया है।"
वे बिना कुछ पूछे और पैसे भेज देते।
उन्हें क्या मालूम था कि जिस भविष्य के लिए वे अपनी जवानी जला रहे हैं, उस भविष्य की नींव ही खोखली होती जा रही है।
कभी-कभी रात को काम से लौटकर अपने कमरे में बैठते तो पत्नी और बच्चों की तस्वीरें देखते हुए बुदबुदाते—
"बस कुछ साल और... फिर सबके साथ रहूँगा। बच्चों की शादी करूँगा। अपना घर बनाऊँगा। अब जिंदगी परिवार के साथ गुजारूँगा।"
इस तरह एक-दो नहीं, पूरे इक्कीस वर्ष गुजर गए।
अब नन्ने मियाँ की उम्र ढलने लगी थी। शरीर पहले जैसा साथ नहीं देता था। आँखों की रोशनी कुछ कमजोर हो गई थी और हाथों में भी पहले जैसी फुर्ती नहीं रही थी।
एक दिन उन्होंने फैसला कर लिया कि अब बहुत हुआ। जो कमाना था, कमा लिया। अब बाकी जिंदगी अपने परिवार के साथ बिताएँगे।
उन्होंने पत्नी को फोन किया।
"सुनो, मैं इस महीने की पच्चीस तारीख को हमेशा के लिए हिंदुस्तान वापस आ रहा हूँ। अब तुम्हें और बच्चों को छोड़कर कहीं नहीं जाऊँगा।"
उधर कुछ पल की खामोशी रही।
"अच्छा... ठीक है।"
बस इतना कहकर पत्नी ने फोन रख दिया।
नन्ने मियाँ ने सोचा, शायद खुशी के मारे कुछ बोल नहीं पा रही होगी।
लेकिन उधर घर में तो जैसे चिंता की बिजली गिर गई थी।
बड़े बेटे ने छोटे से कहा, "अब्बा हमेशा के लिए आ रहे हैं! अब क्या होगा? हमारी जिंदगी के खर्चे कैसे चलेंगे?"
छोटा बोला, "इतने साल से जो जिंदगी जी रहे हैं, अब उसे छोड़ना आसान नहीं है।"
माँ भी परेशान थी। उसके मन में पति की वापसी को लेकर खुशी कम और भविष्य के खर्चों की चिंता ज्यादा थी।
आखिर वह दिन आ गया।
नन्ने मियाँ विमान से उतरे। हाथ में एक सूटकेस था और दिल में हजारों अरमान।
उनकी आँखें बार-बार एयरपोर्ट के प्रवेश द्वार की ओर उठ रही थीं।
उन्हें उम्मीद थी कि पत्नी बच्चों के साथ खड़ी होगी। बड़ा बेटा दौड़कर गले लगेगा। छोटा उनकी बाँहों में झूल जाएगा।
लेकिन काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी कोई नहीं आया।
उन्होंने बड़े बेटे को फोन लगाया।
"बेटा,मैं एयरपोर्ट पहुँच गया हूँ। तुम लोग कहाँ हो?"
बेटे ने बेरुखी से जवाब दिया, "अब्बा, मुझे कुछ जरूरी काम आ गया है। आप टैक्सी करके घर आ जाइए। रास्ता तो जानते ही होंगे।"
नन्ने मियाँ ने कुछ पल चुप रहकर कहा, "अच्छा बेटा, कोई बात नहीं।"
फिर उन्होंने छोटे बेटे को फोन किया। उसने फोन उठाया ही नहीं।
आखिर पत्नी को फोन लगाया।
"बेगम, तुम लोग कहाँ हो? मैं एयरपोर्ट पर खड़ा हूँ।"
पत्नी ने रूखे स्वर में कहा, "मुझे क्या मालूम एयरपोर्ट कहाँ है और कैसे आना है? आप खुद टैक्सी करके आ जाइए। बच्चे भी पता नहीं कहाँ चले गए हैं।"
नन्ने मियाँ के हाथ से मोबाइल लगभग छूट गया।
जिस घर के लिए इक्कीस साल तक अपना खून-पसीना एक किया, उस घर से कोई उन्हें लेने तक नहीं आया!
वे चुपचाप टैक्सी में बैठे और घर की ओर चल दिए।
दरवाजे पर पहुँचकर उन्होंने घंटी बजाई।
पत्नी ने दरवाजा खोला। न कोई मुस्कान, न कोई खुशी, न कोई शिकवा, न कोई शिकायत। बस एक औपचारिक-सा चेहरा।
नन्ने मियाँ ने मुस्कुराने की कोशिश की।
"अस्सलाम वालेकुम! कैसी हो? देखो, तुम्हारा नन्ने वापस आ गया।"
पत्नी ने बिना कुछ कहे रास्ता दे दिया।
दोनों बेटे सामने आए, पिता को देखा और बिना कुछ बोले अपने-अपने कमरे में चले गए।
नन्ने मियाँ कुछ क्षण वहीं खड़े रहे। फिर सोफे पर बैठ गए।
काफी देर तक किसी ने पानी तक नहीं पूछा।
आखिर उन्होंने आवाज लगाई, "बेगम! जरा एक गिलास पानी मिलेगा?"
कोई जवाब नहीं आया।
कुछ देर बाद फिर बोले, "अरे भाई, बहुत प्यास लगी है। थोड़ा पानी दे दो।"
तब कहीं जाकर पत्नी ने पानी लाकर सामने रख दिया।
नन्ने मियाँ ने पानी का गिलास उठाया। उनकी आँखें नम थीं।
उन्होंने भर्राए गले से कहा—
"बेगम, इक्कीस साल बाद घर लौटा हूँ। सोचा था कि तुम दरवाजे पर खड़ी मिलोगी। बच्चे गले लगेंगे। शायद तुम कहोगी कि बहुत देर कर दी आने में। लेकिन यहाँ तो एक गिलास पानी के लिए भी आवाज लगानी पड़ रही है। आखिर मुझसे ऐसी क्या खता हो गई?"
पत्नी ने तीखे स्वर में कहा—
"खता की बात छोड़िए। अब आप आ गए हैं तो घर कैसे चलेगा? आपकी उम्र हो गई है। अब आप पहले की तरह काम भी नहीं कर पाएँगे। बच्चे जवान हो गए हैं, लेकिन कोई कुछ कमाता नहीं। उनके अपने खर्चे हैं। आपने तो वहाँ से पैसा भेजना बंद कर दिया। अब बताइए, घर कैसे चलेगा?"
नन्ने मियाँ को लगा जैसे किसी ने उनके सीने में खंजर उतार दिया हो।
उन्होंने धीमी आवाज में पूछा—
"तो क्या तुम लोगों को मेरे आने की खुशी नहीं है?"
पत्नी चुप रही।
नन्ने मियाँ ने फिर पूछा—
"मैंने हर महीने लाखों रुपये नहीं तो अच्छी-खासी रकम तो भेजी थी। सोचा था, कुछ बचत होगी। अपना मकान बनाएँगे। बच्चों के भविष्य के लिए कुछ जमा होगा। बताओ, कितना पैसा जमा है?"
पत्नी ने मुँह फेर लिया।
"वह तो घर के खर्चों में लग गया। आजकल महँगाई ही इतनी है।"
नन्ने मियाँ ने काँपते स्वर में कहा—
"इक्कीस साल की मेरी मेहनत... मेरे पसीने की कमाई... सब खर्च हो गई?"
पत्नी ने कोई जवाब नहीं दिया।
कुछ देर बाद वह उठी और अपने कमरे में चली गई।
नन्ने मियाँ समझ गए कि उनके सवाल का जवाब उन्हें मिल चुका है।
उस रात वे अपने कमरे में अकेले बैठे रहे। दीवार पर लगी बच्चों की बचपन की तस्वीरें देख रहे थे।
एक तस्वीर में दोनों बेटे उनके कंधों पर बैठे मुस्कुरा रहे थे।
उन्होंने तस्वीर को सीने से लगा लिया।
"या अल्लाह! ये वही बच्चे हैं न, जो मुझे अब्बा कहकर गले से लिपट जाते थे?"
उनकी आँखों से आँसू बह निकले।
कुछ दिन इसी तरह गुजर गए।
नन्ने मियाँ घर में किसी पर बोझ नहीं बनना चाहते थे। एक दिन वे अकेले ही पुराने शहर की गलियों में निकल पड़े।
चलते-चलते उनकी नजर अपनी पुरानी दुकान पर पड़ी।
वह दुकान, जहाँ उन्होंने जिंदगी के सबसे अच्छे दिन गुजारे थे, अब किसी और की थी। वहाँ एक नया टू-व्हीलर गैराज खुल चुका था।
नन्ने मियाँ कुछ देर दुकान के बाहर खड़े होकर उसे देखते रहे।
फिर अंदर बैठे एक नौजवान से पूछा—
"बेटा, यह दुकान किसकी है?"
नौजवान ने जवाब दिया, "यह असगर मियाँ की दुकान है।"
नन्ने मियाँ चौंक गए।
"असगर मियाँ! अरे, वह तो मेरा जिगरी दोस्त था। कहाँ है वह आजकल?"
नौजवान ने थोड़ी उदासी से कहा—
"अंकल, अब्बू तो कई साल पहले अल्लाह को प्यारे हो गए। मैं उनका बेटा हूँ। सरकारी नौकरी करता हूँ। आज छुट्टी थी तो दुकान पर बैठा हूँ। वैसे दुकान के लिए एक कारीगर रखा हुआ है।"
नन्ने मियाँ की आँखें भर आईं।
"असगर चला गया! बहुत अच्छा इंसान था।"
नौजवान ने पूछा, "अंकल, आप उन्हें कैसे जानते हैं?"
नन्ने मियाँ ने अपना परिचय दिया।
"मैं नन्ने मियाँ हूँ बेटा। कभी इसी शहर में मोटरसाइकिलें ठीक किया करता था। असगर मेरा बहुत अच्छा दोस्त था। उसी की सलाह पर मैं सऊदी चला गया था।"
यह सुनते ही नौजवान के चेहरे पर खुशी आ गई।
"क्या! आप नन्ने मियाँ हैं? अब्बू आपका बहुत जिक्र किया करते थे। कहते थे कि नन्ने भाई के हाथों में बड़ा हुनर है। उन्होंने मुझे भी कई बार बताया था कि आप एक दिन वापस जरूर आएँगे।"
फिर उसने बड़े सम्मान से कहा—
"नन्ने चाचा, अब आप कहीं नहीं जाएँगे। यह दुकान आपकी भी है। आप इसे संभालिए। हम दोनों पचास-पचास प्रतिशत के हिस्सेदार रहेंगे। दुकान का काम आप देखिए, बाकी हिसाब-किताब और व्यवस्था मैं देख लूँगा।"
नन्ने मियाँ की आँखें छलक पड़ीं।
"बेटा, तुम मुझे जानते तक नहीं, फिर इतना भरोसा?"
नौजवान मुस्कुराया।
"चाचा, अब्बू ने सिखाया था कि इंसान की पहचान उसकी दौलत से नहीं, उसके हुनर और ईमानदारी से होती है। उन्होंने कहा था कि अगर कभी नन्ने भाई मिलें तो उन्हें अपना ही समझना।"
यह सुनकर नन्ने मियाँ कुछ बोल नहीं पाए।
जिस घर में इक्कीस साल की कमाई देने के बाद भी उन्हें अपनापन नहीं मिला, वहाँ एक दोस्त के बेटे ने बिना किसी स्वार्थ के उन्हें अपना बना लिया था।
उन्होंने आसमान की ओर देखा और मन ही मन कहा—
"असगर भाई! तुम तो चले गए, लेकिन तुम्हारी दोस्ती आज भी जिंदा है।"
अगले दिन से नन्ने मियाँ ने दुकान संभाल ली।
शुरुआत में शरीर थोड़ा साथ नहीं देता था, लेकिन जैसे ही उन्होंने औजार हाथ में उठाए, उनकी उँगलियों में पुराना जादू लौट आया।
धीरे-धीरे शहर में खबर फैल गई कि नन्ने मियाँ वापस आ गए हैं।
पुराने ग्राहक आने लगे।
"अरे नन्ने भाई! आप वापस आ गए? अब तो हमारी मोटरसाइकिल का इलाज पक्का हो गया!"
नन्ने मियाँ मुस्कुरा देते।
अब उनके पास काम था, सम्मान था और एक ऐसा रिश्ता था जिसमें अपनापन था।
कुछ महीने बाद दुकान अच्छी चलने लगी। उन्होंने अपनी मेहनत से अच्छी कमाई भी शुरू कर दी।
लेकिन घर का माहौल अब भी नहीं बदला था।
एक दिन बड़ा बेटा उनके पास आया।
"अब्बा, मुझे एक नई गाड़ी खरीदनी है। कुछ पैसे चाहिए।"
नन्ने मियाँ ने उसकी ओर देखा।
"बेटा, गाड़ी जरूर खरीदना, लेकिन पहले अपने पैरों पर खड़ा होना सीखो। मैंने तुम्हें गाड़ी खरीदने लायक बनाने के लिए अपनी जवानी खर्च की थी, तुम्हें हमेशा मेरा पैसा खर्च करने वाला बनाने के लिए नहीं।"
बेटा नाराज होकर चला गया।
कुछ दिनों बाद पत्नी ने भी कहा—
"आप अब कमाने लगे हैं तो घर का खर्च तो आपको ही उठाना पड़ेगा। आखिर आप घर के मुखिया हैं।"
नन्ने मियाँ ने शांत स्वर में कहा—
"बेगम, घर का खर्च उठाने से मुझे कभी परेशानी नहीं हुई। इक्कीस साल तक उठाया है। लेकिन अब मैं एक बात समझ गया हूँ। परिवार केवल पैसे भेजने से नहीं चलता। परिवार प्यार, विश्वास, जिम्मेदारी और एक-दूसरे के सम्मान से चलता है।"
पत्नी ने कोई जवाब नहीं दिया।
नन्ने मियाँ ने आगे कहा—
"मैंने अपनी जिंदगी के इक्कीस साल तुम्हारे और बच्चों के लिए दिए। सोचा था कि लौटूँगा तो एक ऐसा घर मिलेगा जहाँ मेरे लिए प्यार होगा। लेकिन यहाँ तो मेरे लौटने से सबको अपनी सुविधाएँ छिनती दिखाई दीं।"
उनकी आवाज भर्रा गई।
"मैंने पैसे भेजे थे ताकि तुम सबका भविष्य बने, लेकिन शायद हम सबने यह सिखाना भूल दिया कि भविष्य केवल पैसों से नहीं, संस्कारों से बनता है।"
एक शाम दुकान बंद करते समय असगर का बेटा उनके पास आया।
"चाचा, आज आप कुछ उदास लग रहे हैं। सब ठीक तो है?"
नन्ने मियाँ ने मुस्कुराने का प्रयास किया।
"बेटा, जिंदगी ने एक बात बहुत देर से सिखाई है। अपने वही नहीं होते जो हमारे खून से जुड़े होते हैं। अपने वे होते हैं जो हमारे दुख में हमारा हाथ थाम लेते हैं।"
नौजवान ने उनके कंधे पर हाथ रखा।
"चाचा, आप कभी अकेले नहीं हैं। यह दुकान भी आपकी है और मैं भी आपका बेटा ही हूँ।"
यह सुनकर नन्ने मियाँ की आँखों से आँसू निकल पड़े।
उन्होंने उसे गले लगा लिया।
उस दिन उन्हें पहली बार महसूस हुआ कि रिश्ते केवल जन्म से नहीं बनते, उन्हें निभाने से भी बनते हैं।
रात को घर लौटते समय उन्होंने एक बार फिर अपने पुराने घर की ओर देखा। दरवाजा खुला था, भीतर रोशनी भी थी, लेकिन उन्हें वहाँ अपनेपन का उजाला नजर नहीं आया।
वे धीरे से बुदबुदाए—
"या अल्लाह! इंसान सारी उम्र अपनों के लिए दौलत कमाता है, लेकिन कभी-कभी दौलत तो घर पहुँच जाती है और अपनापन रास्ते में ही कहीं खो जाता है।"
फिर वे अपने कदम दुकान की ओर मोड़कर आगे बढ़ गए।
क्योंकि अब उन्हें समझ आ चुका था कि जिंदगी में सबसे बड़ी कमाई रुपया-पैसा नहीं, बल्कि वह सम्मान और अपनापन है, जिसे न खरीदा जा सकता है और न किसी बैंक में जमा किया जा सकता है।
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY