एहसास
उमेश कुमार सक्सेना बडोदरा
शाम को घर लौटते ही अमित सोफे पर लगभग गिर-सा पड़ा।
"उफ्फ! आज तो कमर टूट गई। सुबह से ऑफिस में इतना काम था कि सांस लेने तक की फुर्सत नहीं मिली।"
खाना खत्म हुआ तो अमित ने कहा, "राधा, जरा पैर दबा दो। आज बहुत दर्द हो रहा है।"
राधा चुपचाप उसके पैर दबाने लगी।
तभी माँ की आवाज आई, "बहू, मेरे घुटनों में भी आज बहुत दर्द है। सोने से पहले तेल लगा देना।"
राधा ने मुस्कराकर कहा, "जी माँजी।"
रात के ग्यारह बज चुके थे। बच्चों को सुलाने, रसोई समेटने और अगले दिन की तैयारी करने के बाद राधा बिस्तर पर आई तो अमित गहरी नींद में सो चुका था।
उसने धीरे से करवट बदली। उसके चेहरे पर थकान की गहरी लकीरें थीं। पैरों में सूजन थी और सिर भारी हो रहा था।
अचानक अमित की नींद खुली। उसने देखा, राधा चुपचाप अपने पैरों को सहला रही थी।
"क्या हुआ? सोई क्यों नहीं अभी तक?"
"कुछ नहीं, बस पैर बहुत दुख रहे हैं।"
अमित ने अनायास पूछा, "तो तेल लगा लेती।"
राधा कुछ क्षण उसे देखती रही, फिर हल्की मुस्कान के साथ बोली, "किससे कहती?"
"मुझसे कह देती!"
राधा की आँखें भर आईं।
"आपसे कहती तो आप कहते कि ऑफिस में बहुत थक गए हो। माँजी से कह नहीं सकती। बच्चे अभी इतने बड़े नहीं हुए कि मेरी थकान समझ सकें।"
वह कुछ पल रुकी, फिर बोली—
"मैं किसी से शिकायत नहीं करती अमित, बस कभी-कभी मन करता है कि कोई बिना मेरे कहे भी पूछ ले—राधा, तुम थक तो नहीं गई?"
अमित के पास कोई जवाब नहीं था।
अगली सुबह घर में एक अनोखा दृश्य था।
अमित रसोई में चाय बना रहा था और माँ के लिए दवा और नाश्ता तैयार कर रहा था। बच्चों के टिफिन भी उसी ने पैक किए।
उस दिन घर में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ था। वही लोग थे, वही जिम्मेदारियाँ थीं, वही घर था।
बस एक बदलाव आया था—अब उस घर में राधा को भी एक इंसान समझा जाने लगा था, केवल जिम्मेदारियाँ निभाने वाली बहू नहीं।
क्योंकि घर केवल दीवारों से नहीं बनता और न ही केवल एक स्त्री के त्याग से चलता है। घर तब बनता है, जब उसमें रहने वाला हर व्यक्ति दूसरे के दर्द को अपना समझे।
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY