*असली खूबसूरती*
उमेश कुमार सक्सेना बडोदरा
कहते हैं, खूबसूरती देखने वाले की आँखों में होती है। लेकिन समाज ने खूबसूरती के कुछ पैमाने तय कर रखे हैं—गोरा रंग, बेदाग चेहरा, तीखे नैन-नक्श और आकर्षक व्यक्तित्व। इन पैमानों पर जो खरा उतर जाए, उसे खूबसूरत कह दिया जाता है। मगर कभी-कभी जिंदगी ऐसे लोगों से मिलवाती है, जो बता देते हैं कि असली खूबसूरती चेहरे में नहीं, इंसान के दिल में होती है।
कस्तूरी भी ऐसी ही एक लड़की थी।
उसका रंग गहरा सांवला था, लगभग काला। लेकिन उसके चेहरे पर एक अनोखा आकर्षण था। बड़ी-बड़ी बोलती आँखें, लंबी घनी पलकें, सुडौल नाक और होंठों पर हमेशा ठहरी रहने वाली प्यारी-सी मुस्कान। उसके लंबे, घने काले बाल जब हवा में लहराते तो लगता जैसे काली घटाएँ उसके कंधों पर उतर आई हों। वह जब चलती तो बालों की लटें उसके चेहरे पर बिखर जातीं और जब बोलती तो उसकी आवाज में ऐसी मिठास होती, मानो फूल झर रहे हों। उसे एक बार देखने वाला सहज ही दोबारा देखने की इच्छा रखता था।
लेकिन कस्तूरी को अपने रूप का कभी अभिमान नहीं था। उसका स्वभाव उसके रूप से भी अधिक सुंदर था।
उसके पिता रामदीन शहर के बाजार में सब्जी का ठेला लगाते थे। पत्नी का देहांत बहुत पहले हो चुका था। कोई बेटा नहीं था, केवल दूर के रिश्तेदार थे। कस्तूरी ही उनकी दुनिया थी। वह भी पिता के काम में हाथ बँटाती थी।
एक दिन रामदीन ने कहा, "बेटी, अब तू बड़ी हो गई है। कहीं अच्छा लड़का देखकर तेरे हाथ पीले कर दूँ तो मेरी चिंता मिट जाए।"
कस्तूरी हँसकर बोली, "बाबूजी, पहले आपकी दुकान बड़ी करवा दूँ, फिर अपनी शादी की सोचूँगी।"
रामदीन मुस्कराए, "पगली! बाप की सबसे बड़ी कमाई तो बेटी की खुशी ही होती है।"
कुछ समय बाद कस्तूरी की शादी विनय नाम के एक नौकरीपेशा युवक से हो गई। रामदीन ने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर बेटी की शादी की। उन्हें संतोष था कि बेटी का घर अच्छे से बस गया है।
शुरुआती दिन अच्छे बीते। कस्तूरी पति की पसंद-नापसंद का ध्यान रखती और पूरे मन से घर सँभालती। वह विनय की छोटी-छोटी खुशियों में ही अपना संसार तलाशती थी।
लेकिन जिंदगी ने उसके लिए कुछ और ही लिख रखा था।
उन दिनों इलाके में चेचक का भयंकर प्रकोप फैल गया। लोग भयभीत थे। आमतौर पर लोग चेचक को बच्चों की बीमारी समझते थे, लेकिन उस महामारी में बच्चे ही नहीं, बड़े और जवान लोग भी इसकी चपेट में आ रहे थे। लगभग तेईस-चौबीस वर्ष की कस्तूरी भी इसकी शिकार हो गई।
कई दिनों तक तेज बुखार और पीड़ा झेलने के बाद वह बीमारी से तो उबर गई, लेकिन उसके चेहरे पर चेचक के गहरे दाग रह गए।
एक दिन उसने आईने में अपना चेहरा देखा। आँखें भर आईं। जिस चेहरे को देखकर कभी लोग ठहर जाते थे, अब वही चेहरा दागों से भर गया था।
उसने विनय से पूछा, "सुनिए, अब मेरा चेहरा बहुत खराब हो गया है न?"
विनय ने बेरुखी से कहा, "अब जो हो गया, उसमें मैं क्या कर सकता हूँ?"
कस्तूरी चुप हो गई। उसे किसी चमत्कार की उम्मीद नहीं थी। वह तो बस पति के दो मीठे शब्द चाहती थी।
धीरे-धीरे विनय का व्यवहार बदलने लगा। वह देर से घर आने लगा और छोटी-छोटी बातों पर झुंझलाने लगा। कुछ समय बाद कस्तूरी को पता चला कि उसकी जिंदगी में कोई दूसरी महिला आ चुकी है।
एक रात उसने पूछा, "क्या अब आपको मेरा साथ अच्छा नहीं लगता?"
विनय झल्लाकर बोला, "तुम पहले जैसी नहीं रही। तुम्हें देखकर अब वह आकर्षण महसूस नहीं होता।
कस्तूरी ने उसकी आँखों में देखते हुए कहा, "बीमारी मेरे चेहरे पर आई थी, हमारे रिश्ते पर नहीं। लेकिन शायद आप दोनों को एक ही समझ बैठे।"
विनय के पास कोई जवाब नहीं था। कुछ समय बाद उसने कस्तूरी को छोड़ दिया और दूसरी महिला से विवाह कर लिया।
कस्तूरी के सपने बिखर गए। इसी बीच उसके पिता भी दुनिया छोड़कर चले गए। अब न पति का सहारा था, न पिता का। लेकिन उसने हार नहीं मानी।
पिता के पुराने ठेले को देखकर उसने एक दिन घर के बाहर चारों तरफ बाँस लगवाए और ऊपर तिरपाल डालकर छोटी-सी सब्जी की दुकान शुरू कर दी।
शुरुआत में ग्राहक कम आते थे। लेकिन कस्तूरी के व्यवहार ने धीरे-धीरे सबका मन जीत लिया। वह हमेशा ताजी सब्जी बेचती, सही दाम लेती और हर ग्राहक से मुस्कराकर बात करती।
एक दिन एक ग्राहक ने कहा, "बहन, दो-चार रुपये ज्यादा रख भी लोगी तो क्या हो जाएगा?"
कस्तूरी हँसकर बोली, "भैया, पैसे तो ज्यादा मिल जाएँगे, , लेकिन रात को नींद कैसे आएगी?"
उसकी ईमानदारी और मधुर व्यवहार के कारण दुकान खूब चलने लगी। लोग कहते थे कि कस्तूरी की दुकान से सब्जी के साथ दो मीठे बोल भी मुफ्त मिलते हैं।
इसी बीच एक नौजवान उसकी दुकान पर आने लगा। उसका नाम आदित्य था। वह एक सरकारी विभाग में नौकरी करता था। स्वभाव से सरल और हँसमुख था।वह दो-तीन दिन में सब्जी लेने आता।
"बहनजी, आज अच्छी भिंडी देना।"
कस्तूरी मुस्कराकर कहती, "आपके लिए तो सबसे अच्छी ही निकालूँगी। लेकिन भिंडी अच्छी हो तो बनाना भी अच्छा चाहिए।"
आदित्य हँसकर कहता, "आप सब्जी बेचती हैं या खाना बनाने की ट्रेनिंग भी देती हैं?"
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। आदित्य को कस्तूरी का व्यवहार बहुत अच्छा लगता था।
एक दिन वह कुछ उदास दिखाई दिया। कस्तूरी ने पूछ लिया, "क्या बात है साहब, आज चेहरे पर मुस्कान नहीं है?"
आदित्य ने बताया कि उसकी तबीयत कुछ दिनों से खराब है। अस्पताल में जाँच कराने पर पता चला कि उसकी एक किडनी ठीक से काम नहीं कर रही है। डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया था, लेकिन भविष्य में किडनी प्रत्यारोपण की जरूरत पड़ सकती है।
"अभी तो इलाज चल रहा है। आगे क्या होगा, पता नहीं।"
कुछ पल सोचने के बाद कस्तूरी बोली, "अगर कभी ऐसी नौबत आए और मेरी किडनी आपके काम आ सके तो मैं देने के लिए तैयार हूँ।"
आदित्य चौंक गया।
"आप मुझे कितना जानती हैं, जो इतनी बड़ी बात कह रही हैं?"
कस्तूरी ने सहजता से जवाब दिया, "जान-पहचान कितनी है, यह तो नहीं जानती, लेकिन किसी की जिंदगी बचाने का मौका मिले तो पीछे नहीं हटना चाहिए।"
आदित्य कुछ देर उसे देखता रहा। उसकी आँखें नम हो गईं।
कस्तूरी ने मुस्कराकर कहा, "अभी आप अपना इलाज कराइए। भगवान ने चाहा तो सब ठीक हो जाएगा।"
संयोग से इलाज और दवाइयों से आदित्य की तबीयत में सुधार होने लगा। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल किडनी प्रत्यारोपण की आवश्यकता नहीं है।
जब आदित्य ने यह बात कस्तूरी को बताई तो वह खुशी से बोल उठी, "देखा! मैंने कहा था न, आप अच्छे हो जाएँगे।"
आदित्य ने हँसकर कहा, "आपकी दुआ भी काम आई होगी।"
अब आदित्य का दुकान पर आना-जाना बढ़ गया। कभी सब्जी लेने आता, कभी हालचाल पूछने। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे को समझने लगे।
आदित्य ने महसूस किया कि कस्तूरी के चेहरे पर भले ही चेचक के दाग थे, लेकिन उसके मन में कोई दाग नहीं था। वह दूसरों के दुख में साथ खड़ी रहने वाली लड़की थी। जिसने उसे ठुकराया था, उसके लिए भी उसके भीतर नफरत नहीं थी।
एक दिन आदित्य ने पूछा, "कस्तूरी जी, आपने अपनी जिंदगी के बारे में दोबारा सोचने की कोशिश नहीं की?"
"किस बारे में?"
आदित्य ने उसकी ओर देखते हुए कहा, "अगर मैं कहूँ कि मैं आपके साथ अपनी जिंदगी बिताना चाहता हूँ तो?"
कस्तूरी के हाथ रुक गए। उसने आश्चर्य से उसकी ओर देखा।
"आप मजाक कर रहे हैं?"
"नहीं, मैं बिल्कुल गंभीर हूँ।"
कस्तूरी ने संकोच से कहा, "आपने मुझे ठीक से देखा भी है? मेरे चेहरे के ये दाग देखे हैं? मैं पहले जैसी सुंदर नहीं रही।"
आदित्य मुस्कराया, "मैंने आपको बहुत ध्यान से देखा है।"
कस्तूरी ने कहा, "लेकिन आप तो इतने सुंदर हैं। आपका चेहरा तो राजा रामचंद्र जैसा है। मेरे साथ आपकी जोड़ी कैसी लगेगी?"
आदित्य ने उसका हाथ थामते हुए कहा, "कस्तूरी जी, मुझे ऐसी पत्नी चाहिए जो मुश्किल समय में मेरा हाथ पकड़ सके। जब मुझे अपनी जिंदगी की चिंता सता रही थी, तब आपने बिना किसी स्वार्थ के अपनी किडनी देने की बात कही थी। आपने मेरे चेहरे की ओर देखकर नहीं, मेरी परेशानी देखकर बात की थी। फिर मैं आपके चेहरे के दाग क्यों देखूँ?"
कस्तूरी की आँखें भर आईं।
उसने धीमे स्वर में कहा, "मैं एक टूटा हुआ रिश्ता पीछे छोड़कर आई हूँ। अब दोबारा टूटने की हिम्मत नहीं है मुझमें।"
आदित्य ने कहा, "मैं आपको कोई सपना नहीं दिखा रहा। बस इतना चाहता हूँ कि हम दोनों एक-दूसरे का सहारा बनें। जिंदगी में सुख आए तो साथ हँसें और दुख आए तो साथ उसका सामना करें।"
कस्तूरी की आँखों से आँसू बह निकले। शायद लंबे अरसे बाद किसी ने उसके चेहरे को नहीं, उसके मन को देखा था।
कुछ समय बाद दोनों परिवारों की सहमति से उनका विवाह हो गया। कोई बड़ा आयोजन नहीं था। कुछ अपने लोग थे और उनके बीच ढेर सारी खुशियाँ।
विदाई के समय कस्तूरी ने पिता की पुरानी तस्वीर सीने से लगाई और धीरे से कहा, "बाबूजी, देखिए, आपकी बेटी फिर से अपना घर बसाने जा रही है।"
आदित्य ने आगे बढ़कर उसका हाथ थाम लिया।
एक दिन आदित्य ने हँसते हुए पूछा, "कस्तूरी, तुम्हें पता है, मैंने तुमसे शादी क्यों की?"
वह मुस्कराई, "क्योंकि मैंने आपको किडनी देने का प्रस्ताव दिया था?"
आदित्य हँस पड़ा, "नहीं, क्योंकि तुम्हारे पास वह दिल है, जिसकी तलाश मुझे थी।"
कस्तूरी ने अपना सिर उसके कंधे पर रख दिया। उसके चेहरे पर चेचक के निशान आज भी थे, लेकिन अब उसे उन निशानों से कोई शिकायत नहीं थी।
उसे समझ आ गया था कि खूबसूरती चेहरे पर नहीं, उस दिल में होती है जो किसी दूसरे के दर्द को अपना समझ सके।
एक दिन आदित्य ने हँसते हुए पूछा, "कस्तूरी, तुम्हें पता है, मैंने तुमसे शादी क्यों की?"
वह मुस्कराई, "क्योंकि मैंने आपको किडनी देने का प्रस्ताव दिया था?"
आदित्य हँस पड़ा, "नहीं, क्योंकि तुम्हारे पास वह दिल है, जिसकी तलाश मुझे थी।"
कस्तूरी ने अपना सिर उसके कंधे पर रख दिया। उसके चेहरे पर चेचक के निशान आज भी थे, लेकिन अब उसे उन निशानों से कोई शिकायत नहीं थी।
उसे समझ आ गया था कि खूबसूरती चेहरे पर नहीं, उस दिल में होती है जो किसी दूसरे के दर्द को अपना समझ सके।
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY