Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

स्वामी रामानंद हिंदी और सधुक्कड़ी भाषा के महानसंत साहित्य महारथी

 

स्वामी रामानंद  हिंदी और सधुक्कड़ी भाषा के महानसंत साहित्य महारथी

- सुखमंगल सिंह

                                    

स्वामी रामानंद जी प्रारम्भिक काल में सगुणब्रह्म के उपासक रहे और बाद में आपने निर्णुण ब्रह्म की उपासना करते रहे | आप के प्रातः पूज्य गुरु डंडी स्वामी जी थे और बाद में स्वामी   से दीक्षा ग्रहण करके आपने गुरु के रूप में स्वामी राघवानंद जी को स्वीकारा | रामानंद स्वामी जी डंडी स्वामी के शिष्य और बाद में  स्वामी राघवानंद जी के शिष्य हुए, भविष्य पुराण में इन्हें रामानन्द स्वामी कहा गया है | ऐसा ही वर्णन अगस्त संहिता में भी वर्णित है | आपने आचार्य रामानुज द्वारा चलाई गई परंपरा का सजग प्रहरी की भाँती निर्बहन किया |

  स्वामी रामानंद जी राम भक्ति परम्परा के प्रथम आचार्य थे | स्वामी जी के जन्म के सम्बन्ध में और तिथि पर बहुत मतभेद है | इंटरनेट की दुनिया में जाएँ तो भारत कोष में वैष्णवाचार्य  स्वामी रामानंद जी का जन्म १२९९ में 'प्रयाग' में हुआ था लिखा गया है | जिसे अगस्त संहिता में भी इसी प्रकार से वर्णित किया है | नागरी प्रचारिणी सभा वाराणसी से प्रकाशित पुस्तक जिसके प्रधान सम्पादक हजारी प्रसाद द्विवेदी जी ,सम्पादक स्व ० डॉ ० पीताम्बर बड़थ्वाल जी हैं ने 'रामानंद की हिंदी रचनाएँ 'में उनका जन्म सं १२९९ और मृत्यु की तिथि पर दुरूहता व्यक्त की है | लोक मतानुसार उन्हें १४१० ई. में शरीर छोड़ने की बातें की गयी | कुछ विद्वान् १४८ वर्ष के बाद ,साकेत धाम से और संसार को छोड़ने की बात सम्बत १५०५ बताया है | जबकि उनकी रचना का काल सं ०१५१७ और लिपि काल सं ० १९९७ वि. है | ग्रियर्सन की भाँती डॉ फर्कुहर ने तो  स्वामी रामानन्द जी की आयु ७०-८० साल की मानते है | उनका जीवन काल १४०० और १४७० स॰ के बीच मानते है | स्वामी जी के परधान-गमन काल पर विभिन्न सम्प्रदायों में विवाद झलकता है ,अधिकाँश सम्प्रदाय वाले लोग उनकी मृत्यु सं ० १५०५ ही मानने लगे

 हैं |

संत नाभादास के भक्तमाल और 'ज्ञानेश्वर -चरित्र ' के उल्लेख से भी स्वामी रामानंद जी के जन्म काल के प्रमाण से भी, सही जन्म काल की निश्चित पुष्टि नहीं की जा सकती | यथा-

'अयोध्यापूरी  में  बादशाह सिकंदर लोदी ने अपने यंत्र यत्न द्वारा जिन-जिन हिन्दुओं को म्लेच्छ बना दिया था उन्हें रामानंद जी के शिष्यों ने स्वामी जी के प्रभाव से वैष्णव बना दिया '|   स्वामी जी के शिष्यों ने यह कार्य किया होगा इसमें संसय नहीं किया जा सकता है अर्थात शास्त्र संगत बातें ही संत,लेखक इतिहासकार लिपिबद्ध करने का प्रमाणित प्रयास करते हैं  परन्तु यहाँ स्वामी जी विद्मान थे यह संदिग्ध- अप्रमाणित ही कहा जा सकता है | कार्न यह है कि संत नाभादास के भक्तमाल और 'ज्ञानेश्वर -चरित्र ' के उल्लेख में कहा गया है कि जिन-जिन हिन्दुओं को म्लेच्छ बना दिया था उन्हें रामानंद जी के शिष्यों ने स्वामी जी के प्रभाव से वैष्णव बना दिया '|

पंडित रामचन्द्र शुक्ल जी जो नागरी प्रचारणी सभा वाराणसी में महान साहित्यकार हिन्दी के सपने को साकार करने का जो सफल प्रयत्न बाबू श्यामसुंदर दास ने किया वह अनन्य, अकेला और मौलिक है वे हिन्दी संस्थाओं के महान पितामह थे हिन्दी साहित्य सम्मेलन के भी वे ही अनुष्ठाता थे का आधार माने तो ईसा की पंद्रहवीं शती  के पूर्वार्ध और सोलहवीं शती के प्रारम्भ के मध्यकाल में उनकी उपस्थिति बताया गया है | भक्तमाल और रामानंदी मठों की गुरु परम्पराओं में 'अगस्त्य संहिता' के मत का समर्थन किया गया है |

  स्वामी रामानन्द जी अपने मत का प्रचार- प्रसार के लिए भारत में विभिन्न तीर्थों में जाते थे और तीर्थाटन करके मत का प्रचार करते थे | एक बार की बात है कि उनके गुरु -भाइयों ने यात्रा करके लौटने पर दिए गये भोज को ग्रहण करने से इंकार कर दिया | गहन जानकारी करने से ज्ञात हुआ कि  स्वामी रामानन्द छुआछूत का विचार नहीं करते अतएव हम सब उनका भोजन नहीं ग्रहण कर सकते हैं इस तथ्य के गहन अध्ययन के बाद स्वामी जी ने अपने शिष्यों को सम्प्रदाय चलाने की सलाह दी |अलग संप्रदाय वह सम्प्रदाय 'रामानंद सम्प्रदाय ' के नाम से जाना गया |

रामानंद सम्प्रदाय में –


१-भुजा वाले राम की उपासना |

 2-ओम  रामाय नमः का जप मन्त्र |

आगे चलकर -

- उस सम्प्रदाय के दो भाग –

१- श्री सम्प्रदाय |

2- वैरागी संप्रदाय |

इस सम्प्रदाय में कर्मकांड का महत्व बहुत कम है | आचार विचार पर अधिक बल नहीं दिया गया | इस सम्प्रदाय के संत  लोग 'अवधूत और 'तपसी (तपस्वी) भी कहे जाते हैं | सर्वाधिक संख्या वाले रामानंदी सम्प्रदाय में जाती-पाँति में विभेद नहीं किया जाता है | इस सम्प्रदाय में जहां हिन्दू शिष्य साधु हैं वहीं मुसलमान आदि भी संख्या कम नहीं हैं |

      सोशल मीडिया के ;हिंदी कविता;  में स्वामी रामानंद जी पर संक्षिप्त परिचय सहित  भक्त रामानंद जी की रचनाएं में 'कत जाईऐ  रे घर लागो रंगु - शब्द ' अंकित हैं|

 गुरु ग्रन्थ साहब की कुछ पक्तियाँ यहाँ उद्धृत की गई है -

                रामानन्द जी घरु १ १ ॐ सतिगुर प्रसादि ||  

                कत जाईऐ  रे घर लागो रंगु  

                मेरा चितु न चलै मनु भइओ पंगु || १|| रहाउ ||

                             -----

                सतिगुरु मैं बलिहारी तोर |

                जिनि सकल बिकल भ्रम काटे मोर |

                 रामानंद सुआमी रमत ब्रह्म |

                 गुरु का शबदु  काटै कोटि करम | ३\१\११९५|  

और साथ ही -ज्ञान लीला ,पद , आरती ,योग चिंतामणि तथा  ज्ञान तिलक पद्य १२ तक साइट पर प्रकाशित है |

स्वामी रामानंद जी के प्रमुख शिष्यों में -

अनंतानंद ,कबीर ,सुखानंद ,सुरसुरानंद ,पद्मावती ,नरहर्यानन्द ,पीपा ,रैदास ,भवानन्द ,

धना सेन  और सुरसुरी आदि प्रमुख थे |

वैसे तो स्वामी रामानन्द जी के भक्त शिष्य संत शिरोमणि महाकवि कबीर का संत साहित्य

को हिंदी साहित्य के इतिहास में स्थान दिलाने का श्रेय जाता है | (ना प्र पत्रि पेज ५५ अंक २ ,२००६,)

रामानन्द जी को रसिक प्रकाश भक्तमाल के टीकाकार जानकी रसिक शरण ने उनका नाम पूर्व में रामदत्त कहा है | जबकि  अगस्त्य  संहिता और भविष्य पुराण में उनका नामरामानन्द ही है | किम्बदन्ती स्वरुप रमानन्द के पहले प्रथम गुरु के रूप में कोई संन्यासी डंडी स्वामीजी थे कहा गया है और बाद में उनके गुरु राघवानन्द स्वामी जी हुए | प्रमाणानुसार स्वामी रामानंद जी का श्री मठ  काशी (वाराणसी ) के पंच गंगाघाट पर स्थित था जो आज भी वहीं पर अवस्थित है उनके अनुयायी वर्तमान काल कलयुग में आज भी वहाँ मठ मेँ रहते हैं |

रामानंद जी की प्रमुख पुस्तकों में -

वेदान्त विचार ,श्री  रामार्चन पद्धति ,गीता भाष्य ,उपनिषद् भाष्य ,आनंद भाष्य ,योग चिंतामणि ,श्री वैषणवमताब्ज भास्कर ,सिद्धान्त - पटल ,रामअधानम,रामरक्षास्तोत्र , रामानन्दादेश,ज्ञान -लीला ,ज्ञान तिलक ,अध्यात्म रामायण ,आत्मबोध राम मन्त्र जोग ग्रन्थ और कुछ फुटकर हिंदी पद  आदि ग्रंथों की रचना की थी |

      रामभक्ति के प्रचार- प्रसार को ऊंचाई प्रदान करने में स्वामी जी का महत्वपूर्ण योगदान था | इन्हीं की अनुकम्पा कहें अथवा प्रेरणा जिसकी वजह से राम भक्ति से सम्बंधित साहित्य का सृजन मध्य युग में हो सका | कबीर का लेखन और तुलसी दास का लेखन करने और उनके लेखन में निखार आना सर्व  मान्य होना, में रामानंद जी का प्रभाव किसी न किसी रूप में अवश्य ही था | 

अलग अलग संप्रदाय भारत में थे जिनके अलग अलग नियम अनुशासन रीति प्रथायेँ प्रचालन मे थीं 

कुछ सम्प्रदाय में, स्त्री और शूद्र के लिए अपने मठ  में , स्त्री और शूद्र के लिए द्वार बंद कर रखे थे उन विचार धाराओं से  अलग विचार धारा के पालनकर्ता रामानंद जी ने सभी जाती धर्म संप्रदाय के लिए अपने श्रीमठ में छूट दे रखी थी |

    स्वामी रामानन्द जी के उपरोक्त उदारता को ध्यान में रखते हुए यह कहा जा सकता है कि – 

संत साहित्य की अधिकाँश उदार चेतना रामानंद के ही कारण है | इस उदार चेतना ने हिन्दुओं को और मुसलामानों को और भी करीब आने का मौका दिया | भक्ति साहित्य के रचयिता कवियों

द्वारा उदार विचार धारा ,राम के प्रति अगाध लगाव ,हिन्दू-मुसलमानों में ताल-मेल के कारण रामानंद जी को कवि साहित्यकार उन्हें 'प्रेरणा-स्रोत' के रूप में देखते हैं |

'रामानंद की हिंदी रचनाएं ' में  प्रधान सम्पादक हजारी प्रसाद द्विवेदी जी ने ना ०  प्र ०  सभा वाराणसी 

 के तत्कालीन मंत्री श्री कृष्ण लाल जी द्वारा जीवनी लिखना और डॉ पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल द्वारा अनेक श्रोतों से रचनाएं संकलित कर उनके अधूरा छोड़े कार्य को पूराकरना,जिसे दौलत राम जुवाल जी ने सलीके से संकलित किया  | दौलत राम जुवाल और भुवनेश्वर गौड़ जी ने पुस्तक के हेतु सामग्री प्रदान किया को ध्यान में लेते हुए , कृतज्ञता ब्यक्त की और कहा कि पुस्तक को इतनी सामग्रियों से भूषित करने और उसे सजा कर शुद्ध-शुद्ध छापने में सहायता दी है |

नागरी प्रचारिणी सभा द्वारा प्रकाशित  'रामानंद की हिंदी रचनाएं 'में-

'हनुमान की आरती 'को छोड़कर सभी बाकी सभी पदों में निर्गुण मत की झलक मिलती है |

हिंदी विकिपीडिया ने लिखा है कि – 

मध्यकालीन भक्ति आंदोलन के महान संत थे  रामानंद जी | आगे लिखा कि वे रामभक्ति की धारा को समाज के अंतिम स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया | उन्हें उत्तर भारत में राम भक्ति के प्रचार  का पहला आचार्य माना है | 

आचार्य के बारे में प्रचलित कहावत को उद्धृत किया -

                         'द्रविड़ भक्ति उपजौ -लायो रामानंद '|

अर्थात भारत के समूचे उत्तरी क्षेत्रीय क्षेत्र में भक्ति के प्रचार-प्रसार का श्रेय स्वामी रामानंद को जाता

 है |  आचार्य बोध और तत्व की दृष्टि से उन्होंने अनेक कालजयी मौलिक ग्रंथों की रचना की जिसमें वैष्णवमताब्ज भास्कर ,श्री रामार्चना पद्धति ,श्री राम पटल आदि हैं |

       इतिहास साक्षी है कि उस समय के अयोध्या नरेश हरि सिंह  के नेतृत्व में चौरासी हजार राजपूतों को एक साथ ,एक मंच से स्वामी जी ने स्वधर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया था | उससे पहले जिन्हें- जिन्हें बलपूर्वक  इस्लाम धर्म के द्वारा दीक्षत कर दिया गया था उन हिन्दुओं को पुनः हिन्दू धर्म में वापस लाने का ‘परावर्तन संस्कार’ का महान  कार्य सर्वप्रथम स्वामी रामानंदाचार्य द्वारा शुरुआत की गई | भारत के सम्प्रदाय इतिहास में परस्पर विरोधी सिद्धांतों और साधना पद्धति के अनुयायियों के बीच में इतनी लोकप्रियता किसी भी सम्प्रदाय को अब तक नहीं मिली थी |  महाराष्ट्र में नाथ पंथियों ने ज्ञानदेव के पिता विट्ठल पंत के गुरु के रूप में उन्हें पूजा | 

अद्वैत मतावलम्बियों ने भी ज्योतिर्मठ के ब्रह्मचारी के रूप में स्वामी जी को अपनाया | यही नहीं अपितु  बाबरी पंथ के संतों ने भी अपने सम्प्रदाय का  प्रवर्तक मानकर उनकी वंदना की | वे कबीर के भी  गुरू थे | ऐसे  महान संत परम विचारक समन्वयी ,महात्मा संत  का प्रादुर्भाव कान्यकुब्ज ब्राह्मण परिवार में, तीर्थराज प्रयाग में हुआ था |       

         

स्वामी रामानन्द जी  ने छुआछूत ,ऊंच -नीच ,जात -पात जैसी समाज में व्याप्त कुरीतियों का जमकर विरोध किया और उन्होने सभी के लिए भक्ति का मार्ग तो खोला ही परन्तु वर्ण शंकरता की अनुमति नहीं  न प्रदान की | श्री वैष्णवों के नारायण मन्त्र की जगह रामतारक या षड़क्षर राममंत्र को ही सम्प्रदायिक दीक्षा का बीज मन्त्र माना और बाह्य सदाचार के स्थान पर आतंरिक साधना ,भाव की शुद्धता  पर जोर दिया गया |  रामानंद द्वारा देश-धर्म के प्रति दी गई अमूल्य सेवाओं ने सभी सम्प्रदायों के ह्रदय में, वैष्णव सम्प्रदाय के प्रति, ह्रदय से महत्व स्थापित किया |

      काशी के पंचगंगा घाटी पर अवस्थित श्री मठ सगुण और निर्गुण राम भक्ति परम्परा,का रामानंद सम्प्रदाय का मूल आचार्य पीठ है | इस पीठ के पीठाधीश्वर न्याय शास्त्र के  प्रकांड विद्वान् और सन्यासी जगत प्रसिद्द हैं | श्रीमठ में रामानंदाचार्य की चरण पादुका रखी है जिसके दर्शनार्थ देश- विदेश में फैले रामानंदी संतों ,तपस्वियों और अनुयायियों के लिए श्रद्धा का अनन्यतम बिंदु ,पूज्य है | वर्तमान में रामनरेशाचार्य जी स्वामी रामानंद जी की प्रतिमूर्ति जैसे  लगते हैं |  यह परम सौभाग्य और संतोष का विषय है कि वर्तमान आचार्य की कल्पनाएं ,ज्ञान ,उदारता सब कुछ उनमें रामानन्दाचार्य जैसी ही 

 लगती हैं |

स्वामी रामानंद जी का व्यक्तिगत प्रभाव सम्पूर्ण भारत में फैल चूका था | उनके प्रभाव में आकर हिन्दू-मुस्लिम वैमनस्य ,शैव –वैष्णव, वाद - विवाद ,मत- मतान्तर का झगड़ा ,वर्ण -विद्वेष ,और परस्पर सामाजिक कटुता में बहुत कमी आई |

    उनके यौगिक शक्ति के चमत्कार से प्रभावित होकर तत्कालीन शासक मुग़ल मोहम्मद तुगलक ने  रामानंद जी की शरण में आया था | उसको लाने में माध्यम बने संत कबीर दास जी |  स्वामी रामानन्द जी के प्रभाव से प्रभावित होकर उसने हिन्दुओं पर लगे समस्त प्रतिबन्ध और जजियाकर को हटाने  का निर्देश जारी कर दिया |  

    भक्ति और भक्त की शक्ति को, समाज का साधारण व्यक्ति तुलना करने में अपने आपको उत्तम नहीं मान सकता | भक्ति कि महिमा जिस प्रकार अपार है उसी तरह भक्त की शक्ति को जानना भी दुरूह कारी है |

गुरु परम्परा के समारम्भ आदिगुरु स्वामी रामानंद जी को मानने वाले श्री परमहंस राममंगल दास जी ने आदि गुरु स्वामी जी को बताते हुए इनके बारह  शिष्यों को द्वादश महाभारत के नाम से ज्ञात कराया है | यथा -

* श्री अनंतानंद जी, को जिन्हें ब्रह्मा जी का अवतार कहा इसी क्रम में *श्री सुखानन्द जी, को शंकर जी का अवतार | *श्री योगानन्द जी, को कपिलदेव जी का अवतार माना | *श्री सुरसुरानन्द जी ,को नारद देव् जी का अवतार | * श्री मालवानन्द जी, को शुकदेव जी का अवतार बताया | * श्री नरहरियानन्द जी, को सनत्कुमार जी का अवतार |

* श्री भावनानन्द जी, को जनक जी का अवतार कहा | * श्री कबीर दास जी को प्रहलाद जी का अवतार |* श्रीपीपा जी, को राजा मनु का अवतार | * श्री रैदास जी,को धर्मराज जी का अवतार | * श्री धन्ना जाट जी ,को राजा बलि का अवतार | 

और * श्री सेन भक्त जी, को भीष्म जी का अवतार कहा है | श्री परमहंस राममंगल दास जी के गुरु परम्परा में नियमानुसार -

आदि गुरु स्वामी रामानन्द जी को भारत का अंश और उनके शिष्य स्वामी भावनानन्द  जी को जनक जी का अवतार कहा है |

श्री परमहंस जी के अनुसार -

                              'गुरु वंदना'

श्री गुरु महिमा को कहै ,अति ही ऊँच मुकाम |

ताते गुरु पद को करौं बार -बार परनाम ||

उनका मानना है कि 'यह गुरु महिमा का पद भगवान श्री रामचंद्रजी ने स्वयं प्रकट होकर श्री महाराज जी को लिखवाया है |

अंत में केवल इतना पाठकों से आग्रह पूर्वक निवेदन किया जा सकता है कि रामानंद सम्प्रदाय के ' श्रीमठ 'में जायँ और स्वामी श्री रामनरेशाचार्य के सानिध्य में आदि गुरु रामानन्दाचार्य जी के कृतित्व ,व्यक्तित्व और सत्य -सत  साहित्य के  आनंद में सहभागी बनें |

      "ॐ हरि अनंत हरी कथा अनंता,जो कोई सुमिरत सोई संता ॐ "

-सुख मंगल सिंह 


-- 

Sukhmangal Singh

Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ