Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

सांस्कृतिक पर्व भगोरिया

 
सांस्कृतिक पर्व भगोरिया 

आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रो मे भगोरिया पर्व आते ही वासन्तिक छटा मन को मोह लेती है वही इस पर्व की पूर्व तैयारी  करने से ढोल ,बांसुरी की धुनों की मिठास कानों मे मिश्री घोल देती है व  उमंगो में एक नई ऊर्जा भरती है|व्यापारी अपने-अपने तरीके से खाने की चीजे गुड की जलेबी ,भजिये, खारिये (सेव ) पान ,कुल्फी ,केले ,ताड़ी बेचते साथ ही ,झूले वाले ,गोदना(टैटू ) वाले अपने व्यवसाय करने मे जुट जाते है| जिप,छोटे ट्रक ,दुपहिया वाहन,बैलगाडी पर दूरस्थ गाँव के रहने वाले समीप भरे जाने वाले हाट (विशेष कर पूर्व से  निर्धारित लगने वाले भगोरिया) मे चांदी  के आभूषण पहन कर सज-धज के जाते है|कई नोजवान युवक-युवतिया झुंड बनाकर पैदल भी जाते है |ताड़ी के पेड़ पर लटकी मटकिया जिस मे ताड़ी एकत्रित की जाती है बेहद खुबसूरत नजर आती है |खजूर,आम आदि के हरे भरे पेड़ ऐसे लगते है मानों ये भगोरिया मे जाने वालो का अभिवादन कर रहे हो,फागुन माह  में आम के वृक्षों पर नए मोर(आम के फूल ) और पहाड़ो पर खिले टेसू का ऐसा सुन्दर नजारा होता है मानों प्रकृति ने अपना अनमोल खजाना खोल दिया हो। 
  भगोरिया पर्व का सभी लेते है |भगोरिया हाट मे प्रशासन व्यवस्था भी रहती है|हाट मे जगह - जगह भगोरिया नृत्य मे ढोल की थाप से धुन - "दिचांग पोई पोई.." जैसी ध्वनि सुनाई देती और बांसुरी ,घुंघरुओं की ध्वनिया दृश्य मे एक चुम्बकीय माहौल पैदा करती है|बड़ा ढोल विशेष रूप से तैयार किया जाता है जिसमे एक तरफ आटा लगाया जाता है |ढोल वजन मे काफी भारी और बड़ा होता है ,जिसे इसे बजाने मे महारत हासिल हो वो ही  नृत्य घेरे के मध्य मे खड़ा हो कर इसे बजाता है |एक रंग की वेश भूषा ,चांदी के नख से शिख तक पहने जाने वाले आभूषण ,घुंघरू पावों मे हाथों मे रंगीन रुमाल लिए गोल घेरा बनाकर मांदल व ढोल,बाँसुरी की धुन पर बेहद सुन्दर नृत्य करते है|प्रकृति ,संस्कृति,उमंग, उत्साह से भरा नृत्य का मिश्रण भगोरिया की गरिमा मे वासन्तिक छटा का ऐसा रंग भरता है की देश ही नहीं अपितु विदेशों से भी इस पर्व को देखने विदेशी लोग कई क्षेत्रों में आते है इनके रहने और ठहरने के लिए प्रशासन द्वारा केम्प की व्यवस्था भी  की जाने लगी है लोक संस्कृति के पारम्परिक लोक गीतों को गाया जाकर माहोल मे एक लोक संस्कृति का बेहतर वातावरण बनता जाता है साथ ही प्रकृति और संस्कृति का संगम हरे -भरे पेड़ो से निखर जाता है|कई क्षेत्रों में जंगलो के कम होने से व गावों के विस्तृत होने से कई क्षेत्रो मे कम्पौंड के अन्दर ही नृत्य करवाया जाकर भगोरिया पर्व मनाया जाने लगा है।भगोरिया नृत्य टीम को सम्मानित किया जाता है।देहली में राष्ट्रीय पर्व पर भगोरिया पर्व की झांकी भी निकली जाती है।भगोरिया पर्व पर उपयुक्त स्थान में व्यापारियों द्वारा ज्यादा से ज्यादा संख्या में खाने पीने की चीजों की दुकान लगाना ,छांव की बेहतर व्यवस्था ,पीने के पानी की सुविधा,झूले आदि की अनिवार्यता होनी चाहिए ताकि मनोरंजन के साथ लोक संस्कृति का आनंद भी ले सके|झाबुआ /आलीराजपुर /धार /खरगोन ,आदि जिलों के गांवों के भगोरिया पर्व लोक गीतों एवं नृत्य से अपनी लोक संस्कृति को विलुप्त होने से बचाते आ रहे है।इसका हमें गर्व है ।
संजय वर्मा "दृष्टि "१२५,बलिदानी भगत सिंह मार्गमनावर (धार) म प्र 


 





Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ