विश्व मानव अधिकार दिवस: अब चुप्पी भी गुनाह है
[जब इंसान इंसान न रहे, तब अधिकार किसके काम आएँगे?]
[हमारा लोकतंत्र उतना ही मजबूत है जितना आख़िरी इंसान सुरक्षित]
· प्रो. आरके जैन “अरिजीत”
10 दिसंबर। आज फिर वही सवाल लौट आया है, बिना दस्तक दिए, सीधा गले पर हाथ रखकर – आप जिंदा है या सिर्फ़ साँस ले रहे है? 1948 में पेरिस ने “सब इंसान बराबर और आज़ाद हैं” लिखकर मानवता के नाम एक वादा किया था। मगर 2025 का भारत एक चुभता हुआ सवाल पूछ रहा है—क्या हम वाकई उस वादे को निभा रहे हैं, या हमारी चुप्पी ही अन्याय की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है? यह दिन हमें झकझोरने आया है, क्योंकि अब सिर्फ़ अत्याचार ही अपराध नहीं; अत्याचार देखकर चुप रह जाना भी उतना ही बड़ा गुनाह है।
आज जब हम मानव अधिकार दिवस मनाते हैं, तो यह उत्सव नहीं—एक मुकदमा है, और कटघरे में हम खुद खड़े हैं। जब हाथरस की बेटी को रात के अँधेरे में मिट्टी में दबा दिया जाता है, जब मणिपुर में औरतों का सम्मान तार-तार होता है, जब कश्मीर में एक बच्चा शक के नाम पर मारा जाता है, और दिल्ली में एक लड़की को उसकी शक्ल की वजह से “चिंकी” कहा जाता है—तब मानवाधिकार किसी दस्तावेज़ नहीं, बल्कि ज़ख़्म बनकर सामने आते हैं। उस समय 30 अनुच्छेद किसी पुस्तक में नहीं, बल्कि इस देश की सड़कों, घरों और अदालतों में रोते हुए दिखाई देते हैं।
भारत में मानवाधिकार कोई सैद्धांतिक बहस नहीं, बल्कि हर दिन खून और आँसुओं से लिखा जाने वाला सच है। एक दलित दूल्हे की जान घोड़ी चढ़ने की कीमत बन जाती है। एक आदिवासी महिला को लकड़ी लाने पर जादू-टोना का आरोप झेलना पड़ता है। एक ट्रांसजेंडर मर जाता है, पर श्मशान में भी उसे जगह नहीं मिलती। और जब कानून बराबरी की बात करता है, तो समाज उसकी आवाज़ को जाति, धर्म और पहचान के पत्थरों से दबा देता है।
विडम्बना यह है कि यही देश दुनिया को अहिंसा और योग का संदेश देता है। यही देश भाषणों में “विश्व गुरु” बनता है, पर अपने ही गाँव में पानी की एक हांडी से दलित को दूर रखता है। यही देश चंद्रयान को तारों तक भेज देता है, लेकिन एक मज़दूर को मेहनत के बाद 200 रुपये देने में कंजूसी करता है। लोकतंत्र का मंदिर कहलाने वाला देश कई बार उस मीडिया का बोझ ढोता है जो सत्ता की चौखट से बंधी घंटी की तरह बजता है।
आज का भारत मानवाधिकारों को किताबों में नहीं, सड़कों पर, अस्पतालों में, कोर्ट के गलियारों में, और हर उस घर में महसूस कर रहा है जहाँ न्याय की उम्मीद धीरे-धीरे दम तोड़ रही है। जब एक दलित महिला को पंचायत के आदेश पर गाँव के बीच में अपमानित किया जाता है, जब एक आदिवासी बच्ची भूख से बिलखते-बिलखते मर जाती है क्योंकि उसे राशन कार्ड “सूची में नहीं” बताया गया, जब एक युवा पत्रकार को महज़ सवाल पूछने पर देशद्रोही कहकर जेल में डाल दिया जाता है, तब मानवाधिकार केवल सिद्धांत नहीं, बल्कि एक सच्ची चीख बन जाते हैं।
हम कहते हैं कि भारत डिजिटल हो रहा है, पर क्या इंसानियत भी डिजिटल हो गई? जब इलाज न मिलने से अस्पताल के दरवाज़े पर एक बच्चा दम तोड़ देता है, जब ऑक्सीजन की कमी से कोविड वार्ड में लोग मर जाते हैं और जिम्मेदारी गायब हो जाती है, जब अग्निपथ योजना के नाम पर युवाओं का भविष्य अनिश्चित हो जाता है, जब बेरोज़गारी की दर इतिहास के सबसे ऊँचे स्तर पर हो और फिर भी युवा “आलसी” कहे जाएँ— तो ये सब बेरोज़गार आँकड़े नहीं, टूटते सपनों की चिताएँ हैं।
भारत के पास चंद्रयान भेजने की ताकत है, पर सड़क पर रिक्शा खींचती 65-70 वर्षीया दादी के पास रोटी की ताकत नहीं। हमारे हाई-टेक शहरों में चमक है, पर किसान की आत्महत्या में उसके शरीर से ज्यादा कर्ज़ के काग़ज़ मिलते हैं। हमारे पास दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लेकिन एक आदिवासी युवक पुलिस हिरासत में मारा जाता है और उसके परिवार को एफआईआर की कॉपी तक नहीं मिलती। संविधान कहता है “बराबरी का अधिकार”, पर वास्तविकता पूछती है—बराबरी किसके लिए? सिर्फ़ नाम के लिए? या सिर्फ़ भाषणों के लिए?
शिक्षा अधिकार है, लेकिन सरकारी स्कूलों में बच्चे आज भी टाट पर बैठकर पढ़ते हैं, जबकि अधिकारी एसी कमरों में मीटिंगें करते हैं। स्वास्थ्य भी अधिकार है, पर एक प्रसूता अस्पताल पहुँचने से पहले ही ऑटोरिक्शा में बच्चा जन्म देने को मजबूर होती है। अभिव्यक्ति का भी अधिकार है, पर सोशल मीडिया पर आलोचना करने पर घर गिरा दिए जाते हैं। पर्यावरण का भी अधिकार है, पर खनन की आड़ में आदिवासी गाँव उजाड़े जाते हैं। और महिलाएँ? वे आज भी “सुरक्षित घर पहुँच गई क्या?” के मेसेज पर निर्भर देश की नागरिक हैं—जहाँ हर 15 मिनट में एक बलात्कार दर्ज होता है।
मानव अधिकार दिवस उस सोच के खिलाफ युद्ध है जो कहती है— “अगर मेरे घर में सब ठीक है, तो दुनिया ठीक है।” नहीं, मानवता एक परिवार है; एक ज़ख्म सबका दर्द होना चाहिए। अगर दिल्ली में कोई लड़की छेड़ी जाती है, मुंबई में एसिड अटैक होता है, राजस्थान में मूँछ रखने पर दलित की हत्या होती है, या उड़ीसा में एक बुजुर्ग अपनी पत्नी का शव कंधे पर लेकर चलता है—तो ये सिर्फ़ खबरें नहीं, हमारी सभ्यता की परीक्षा हैं।
अब लड़ाई कानून की नहीं, हमारी आत्मा की है—हमारे भीतर के डर और चुप्पी के खिलाफ। शुरुआत घर से कीजिये: बेटी को बेटे जितनी आज़ादी दीजिये। झुग्गी के बच्चों को पुरानी किताबें दे दीजिये। ऑफिस में किसी की पहचान का मज़ाक बनने से रोक दीजिये। अपनी भाषा की गालियों से स्त्री-विरोधी शब्द हटाइए। नफरत फैलाने वाले ग्रुप छोड़ दीजिये। किसी भी धर्म या जाति का मज़ाक उड़ाना बंद कीजिये, क्योंकि मज़ाक से शुरू हुई नफरत कई बार हत्या पर खत्म होती है।
मानव अधिकार दिवस की असली पुकार है—अब चुप्पी भी गुनाह है। जब आपने बलात्कार की खबर स्क्रॉल कर दी, आप भी दोषी थे। जब आपने धर्म पर ताना मारा, आप भी दोषी थे। जब आपने व्हाट्सएप पर नफरत भेजी, आप भी दोषी थे। जब आप भीड़ हत्या पर “होता रहता है” कहकर आगे बढ़ गए, आप भी दोषी थे।
मानवाधिकार दिवस किसी सेमिनार का मौका नहीं। यह युद्ध है—उस मानसिकता के खिलाफ जो औरत को संपत्ति, दलित को नीचा, मुस्लिम को संदिग्ध, आदिवासी को पिछड़ा और ट्रांसजेंडर को अदृश्य समझती है। यह युद्ध उस चुप्पी के खिलाफ है जो अपराधियों को ढाल देती है। पर हर युद्ध हथियारों से नहीं जीता जाता—कभी-कभी एक इंसान का साहस दुनिया बदल देता है।
अगर आप सच में इंसान हो, तो शुरुआत यहीं से कीजिये: अपने मोहल्ले के मंदिर में किसी दलित को रोका जाए तो आवाज़ उठाइए। अपनी बेटी को चुप कराने के बजाय उसकी बात सुनिए, क्योंकि उसकी आवाज़ उसका अस्तित्व है। नफरत और हिंसा वाले ग्रुप छोड़ दीजिये; किसी भी अपमान को “मनोरंजन” कहना बंद कीजिये।
भारत तभी महान बनेगा जब उसका सबसे कमजोर नागरिक भी बिना डर के, सम्मान से जिए। विश्व मानव अधिकार दिवस याद दिलाता है कि 1948 का कागज़ भविष्य नहीं लिखेगा, हम लिखेंगे। भविष्य उतना ही उज्ज्वल होगा जितनी हमारी संवेदना। भारत तभी महान होगा जब आख़िरी औरत सुरक्षित होगी, आख़िरी दलित सम्मानित होगा, आख़िरी आदिवासी सुना जाएगा और आख़िरी अल्पसंख्यक का डर खत्म होगा।
1948 की वह घोषणा आज भी इसलिए जीवित है क्योंकि हर पीड़ा, अन्याय और विद्रोह उसे सच्चा साबित करता है। अब हमारी बारी है कि इस कागज़ को और खून न देना पड़े। 10 दिसंबर कोई उत्सव नहीं, यह वह दिन है जब इंसानियत पूछती है— “तुमने मुझे बचाया या चुप रहे?” जवाब और हथियार दोनों हमारे हाथ में हैं— संवेदना, साहस और सच बोलने की हिम्मत। और वक़्त? बहुत कम बचा है। जय इंसानियत। जय वह भारत जो नफरत से नहीं, बराबरी से बनता है।
प्रो. आरके जैन “अरिजीत”, बड़वानी (मप्र)
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY