13 नवंबर: विश्व दयालुता दिवस
यह युग दिमाग़ का है, पर इतिहास दिलवालों का लिखेगा
[दुनिया को नहीं, बस दिल को बदलने की ज़रूरत है]
[टेक्नोलॉजी के युग में सबसे बड़ा अपग्रेड: मानवीय दिल]
कभी सोचा है—अगर “दयालुता” शब्द दुनिया से मिट जाए तो क्या बचेगा? ऊँची इमारतें, तेज़ रफ़्तार ज़िंदगी, स्मार्ट मशीनें—पर दिलों में सन्नाटा। इंसान रहेगा, मगर इंसानियत नहीं। शायद यही वह क्षण है जब हमें ठहरकर खुद से पूछना चाहिए—हम आख़िरी बार कब किसी अनजान के लिए बिना स्वार्थ कुछ किया था? कब किसी की आँखों में छिपे दर्द को समझकर हमने अपना हाथ बढ़ाया? इसी मानवीय करुणा को याद दिलाने के लिए 1998 में जापान के टोक्यो में ‘वर्ल्ड काइंडनेस मूवमेंट’ ने विश्व दयालुता दिवस की शुरुआत की। यह दिन, 13 नवंबर, 1997 में सिंगापुर में हुए तीसरे सम्मेलन की स्मृति में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य है—दयालुता को वैश्विक मूल्य बनाना और छोटे-छोटे नेक कृत्यों से दुनिया में सकारात्मक बदलाव लाना। वर्ष 2000 से यह दिवस पूरी दुनिया को यही याद दिलाता आ रहा है कि इंसानियत अब भी हमारे भीतर ज़िंदा है—बस उसे जगाने की देर है।
हर साल 13 नवंबर को “विश्व दयालुता दिवस” आता है — यह वह दस्तक है जो हमारे सोए हुए ज़मीर के दरवाज़े पर पड़ती है। यह दिन याद दिलाता है कि हम मशीनों के युग में जीते हुए भी अब तक दिल से जीना भूल गए हैं। क्योंकि सच्चाई यह है — दुनिया को नए आविष्कारों, नीतियों या आंकड़ों की नहीं, बल्कि उस पुरानी मानवीय करुणा की तलाश है, जो कभी हमारी संस्कृति की धड़कन हुआ करती थी। वही करुणा, जब एक पड़ोसी के दुख में पूरा मोहल्ला उतर आता था; जब किसी अनजान के आँसू अपने लगते थे। आज वही संवेदना धीरे-धीरे संग्रहालयों में सिसक रही है — और यह दिन हमें याद दिलाने आया है कि इंसानियत अब भी मरनी नहीं चाहिए।
दयालुता वह आग है जो जलाती नहीं, बल्कि गर्माहट देती है। दयालुता की पहचान बड़े कर्मों में नहीं, उन छोटे, अनकहे पलों में छिपी होती है—जब कोई बच्चा स्कूल जाते समय रास्ते में पड़े काँटों को हटाता है ताकि किसी और का पैर न लहूलुहान हो, जब कोई दुकानदार ग्राहक की जेब देखकर कीमत कम कर देता है, जब कोई डॉक्टर अपनी व्यस्तता भूलकर मरीज़ के परिवार को सिर्फ सुकून के दो शब्द कह देता है— यही वे क्षण हैं जब इंसान “जीव” से “जीवंत” बनता है। ये क्षण छोटे लगते हैं, लेकिन ये ही वे बीज हैं जो समय के साथ इंसानियत का विराट वन बनाते हैं—जहाँ हर पत्ता एक करुणा की कहानी कहता है, और हर छाया एक उम्मीद बन जाती है।
आज हमारी ज़िंदगी एक रेस बन चुकी है। सुबह से रात तक हम लक्ष्यों के पीछे भागते हैं। इस भागदौड़ में हम भूल गए हैं कि सफलता का असली पैमाना धन या पद नहीं, बल्कि यह है कि हमने कितने लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटाई। सोशल मीडिया पर हम दयालुता की पोस्ट शेयर करते हैं, लेकिन पड़ोस में रहने वाली बुजुर्ग महिला को पूछने तक नहीं जाते कि वे अकेली तो नहीं। हम “वाह क्या बात!” कहकर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन उस “बात” को जीने की हिम्मत नहीं जुटाते। यही विडंबना है—हम दयालुता की बात तो करते हैं, पर दयालु बनने से डरते हैं। डरते हैं कि कहीं कमज़ोर न समझे जाएँ।
असल सच तो यह है कि दयालु होना कमजोरी नहीं, सबसे दुर्लभ साहस है। यह वह हिम्मत है जो हमें इस कठोर, नुकीली दुनिया में भी मुलायम बने रहने की ताक़त देती है। यह वह दृढ़ता है जो कहती है—“मैं क्रूरता से नहीं, करुणा से जवाब दूँगा।” जब कोई हमें चोट पहुँचाए और हम फिर भी घृणा नहीं, बल्कि क्षमा चुनें — वही असली पराक्रम है। महात्मा गांधी ने सच ही कहा था, “आँख के बदले आँख पूरी दुनिया को अंधा बना देगी।” दयालुता उसी अंधेरे में जलती वह दीया है जो किसी से युद्ध नहीं करती, फिर भी अंधकार को हारने पर मजबूर कर देती है। यह वही मौन शक्ति है जो साबित करती है—सबसे ऊँचा होना ज़रूरी नहीं, सबसे मानवीय होना ही सबसे बड़ा विजयी होना है।
आज डिजिटल दुनिया में हम जुड़े तो हैं, पर अकेले हो गए हैं। एक ही शहर में रहने वाले भाई-बहन महीनों बात नहीं करते। लेकिन यही तकनीक अगर सही इस्तेमाल हो तो क्रांति ला सकती है। कल्पना कीजिए—अगर हर व्यक्ति आज एक अनजान नंबर पर मैसेज करे—“आप ठीक हैं न?” तो कितने अकेले दिलों को सहारा मिलेगा। अगर हम अपने फोन की स्क्रीन से ऊपर उठकर सामने वाले की आँखों में देखें, तो कितनी गलतफहमियाँ ख़त्म हो जाएँगी। दयालुता का नया रूप यही है—डिजिटल नहीं, ह्यूमन टच।
दयालुता छिपी हुई क्रांति है। जो लोग इसे जीते हैं, वे कभी सुर्खियाँ नहीं बटोरते। वे चुपचाप अस्पताल में अजनबी मरीज़ का हाथ थामते हैं, रात के तीन बजे किसी दोस्त की उदासी सुनते हैं, या सड़क पर भटकते कुत्ते को पानी पिलाते हैं। ये लोग ही असली हीरो हैं। क्योंकि ये जानते हैं कि दयालुता का कोई कैमरा कवरेज नहीं होता, पर इसका असर पीढ़ियों तक चलता है। कभी-कभी लगता है कि ईश्वर अगर कहीं है, तो वह मंदिर-मस्जिद में नहीं, बल्कि उस माँ की गोद में है जो रोटी का आखिरी टुकड़ा अपने बच्चे को दे देती है। वह उस बच्चे की हँसी में है जो अपनी एकमात्र चॉकलेट किसी और को दे देता है। दयालुता ही वह भाषा है जो ईश्वर समझता है।
इस विश्व दयालुता दिवस पर बड़ा संकल्प मत लीजिए। बस एक छोटा सा काम कीजिए। आज किसी एक इंसान को यह एहसास दिलाइए कि वह अकेला नहीं है। एक फोन कीजिए, एक मुस्कान दीजिए, एक “शुक्रिया” कहिए। यही छोटी चिंगारियाँ मिलकर पूरी दुनिया को रोशन कर देंगी। क्योंकि अंत में यही रह जाएगा— न धन, न नाम, न पद। बस यह सवाल कि हमने कितने दिलों में जगह बनाई।और याद रखिए— “दुनिया को बदलने के लिए बड़ी क्रांति की ज़रूरत नहीं, बस एक दयालु दिल की ज़रूरत है। और वह दिल आपके पास पहले से है— बस उसे जगाइए।”
प्रो. आरके जैन “अरिजीत”, बड़वानी (मप्र)
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY