Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

बस एक-दूसरे के लिए वक्त कम है

 

हमारे पास सब कुछ हैबस एक-दूसरे के लिए वक्त कम है

हमने दुनिया तो जीत ली, क्या किसी का दर्द जीत पाए?

किसी का बोझ हल्का कर देना, खुद ऊँचा उठने से बड़ा है

-------------------------------------------------------------------------------




हर दौर अपनी तरक्की के साथ एक सवाल भी छोड़ जाता है—क्या आगे बढ़ते-बढ़ते हम भीतर से पीछे तो नहीं रह गए? तकनीक और भौतिक उपलब्धियाँ जीवन को आसान बना सकती हैं, लेकिन जीवन की सार्थकता तब है, जब हम अपने अस्तित्व की सीमाएँ लांघकर दूसरों के जीवन से जुड़ें। सहानुभूति कमजोरी नहीं, बल्कि मानवीय रिश्तों को थामे रखने वाली ताकत है। किसी अनजान की आँखों में छिपा दर्द देख पाना, किसी दूसरे के दुःख को महसूस कर पाना—यहीं से मनुष्यता जीवंत होती है। तकनीक हमें सक्षम और संपत्ति हमें सम्पन्न बना सकती है, मगर इंसान होने की पूर्णता तभी मिलती है, जब किसी और की पीड़ा हमारे भीतर संवेदना जगा सके।

आज की विडंबना है कि कदम तेज हुए हैं, मगर ठहरकर किसी को महसूस करने की फुर्सत कम हो गई है। प्रतिस्पर्धा ने दृष्टि को इतना अपने तक सीमित कर दिया है कि सामने का दुःख भी भीतर दस्तक नहीं दे पाता। विचारशीलता दिखावटी संवेदना नहीं, बल्कि उन अनकहे भावों को समझने की क्षमता है, जिन्हें शब्द नहीं मिलते। किसी अजनबी की आँखों में चिंता पहचानना, थके हाथ को सहारा देना, किसी अकेले के पास कुछ देर ठहरना—ये छोटे लगने वाले प्रयास ही समाज को जोड़ते हैं। यदि हर व्यक्ति रोज ऐसा कोई काम करे, जो किसी दूसरे की मुश्किल कम कर दे, तो नकारात्मकता का अंधेरा धीरे-धीरे छंटने लगेगा।

समाज की मजबूत नींव कानून से पहले आपसी समझ पर टिकी होती है। परिवार से लेकर अपरिचित व्यक्ति तक हर रिश्ता तब जीवित रहता है, जब दूसरे की स्थिति समझने की इच्छा बनी रहे। समझ खत्म होते ही संवाद की जगह कठोरता और अपनत्व की जगह दूरी ले लेती है। परिवर्तन हमेशा बड़े आंदोलनों से नहीं आता; रोजमर्रा की दया, विनम्रता, क्षमा और सहयोग की आदतें भी दूर तक असर डालती हैं। तनाव के बीच प्रेम और अलगाव के बीच एकता का बीज बोना ही सामाजिक जिम्मेदारी है। शक्ति का असली प्रमाण यह नहीं कि हम कितना हासिल कर सकते हैं, बल्कि यह है कि किसी दूसरे का बोझ कितना हल्का कर सकते हैं। सभ्यता की पहचान संसाधनों से कम और संवेदनशीलता से अधिक होती है।

संवेदना की पहली पाठशाला बाहर नहीं, भीतर है। जिसने अपने मन की आवाज दबा दी, वह दूसरे के मौन को कैसे सुनेगा? आधुनिक आपाधापी ने तनाव, अकेलेपन और मानसिक थकान को जीवन का हिस्सा बना दिया है। हम दुनिया संभालने की चिंता में अपने भीतर का संतुलन भूल जाते हैं। स्वयं के प्रति संवेदनशील होना स्वार्थ नहीं, बल्कि करुणा की आधारभूमि है। अपने भय, थकान और भावनाओं को समझना हमें अधिक मानवीय बनाता है। भीतर संतुलन होगा, तभी बाहर सहानुभूति बहेगी। आत्मचिंतन वह दीप है, जो भीतर की अंधेरी जगहों को प्रकाशित करता है।

शिक्षा की सफलता इससे तय होनी चाहिए कि वह बच्चों को कितना योग्य और जिम्मेदार बनाती है। विद्यालय यदि केवल अंक, प्रतियोगिता और पद की तैयारी कराएं, तो सफल व्यक्ति बना सकते हैं, उत्तरदायी नागरिक नहीं। बच्चों के मन में सहानुभूति का बीज जितनी जल्दी पड़े, समाज का भविष्य उतना सुरक्षित होगा। सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और साझा जिम्मेदारियों में भागीदारी उन्हें सिखाती है कि जीवन केवल स्वयं तक सीमित नहीं है। सफलता का अर्थ ऊंचे अंक या बड़ा पद भर नहीं; किसी दूसरे के लिए उपयोगी और सहृदय होना भी उसकी कसौटी है। ऐसी शिक्षा बच्चों को संवेदनशील नागरिक और सामाजिक परिवर्तन का वाहक बनाती है।

सच्चे बदलाव की नींव सत्ता, धन या बल से नहीं, मानवीय मूल्यों से बनती है। इतिहास गवाह है कि अहिंसा और सत्य को जीवन का मार्ग बनाने वाले, निस्वार्थ सेवा में स्वयं को समर्पित करने वाले और समानता के लिए संघर्ष करने वाले महान व्यक्तित्वों ने करुणा को सामाजिक शक्ति बनाया। उनका संदेश था कि मनुष्य पर अधिकार जमाना परिवर्तन नहीं; उसके भीतर परिवर्तन जगाना ही असली उपलब्धि है। स्थायी परिवर्तन वहीं संभव है, जहां दूसरे की गरिमा अपने हित जितनी ही महत्वपूर्ण हो। समाज तभी बेहतर बनता है, जब संवेदना विचारों तक सीमित न रहकर व्यवहार का हिस्सा बने।

तकनीक ने दूरियों को पलों में मिटा दिया, लेकिन दिलों की दूरी अब भी संवेदना से ही घटती है। स्क्रीन का लाइक, टिप्पणी या सहानुभूति का इमोजी उस मदद का विकल्प नहीं बन सकता, जो संकट में किसी के साथ खड़े होकर दी जाती है। किसी को ध्यान से सुनना, समय देना, अकेलेपन में साथ बैठना या जरूरत पर सहारा बनना आभासी प्रशंसा से कहीं अधिक मूल्यवान है। किसी चेहरे पर लौटती राहत की चमक किसी डिजिटल स्वीकृति से गहरी होती है। इसलिए सवाल तकनीक छोड़ने का नहीं, बल्कि उसके बीच मनुष्य को देखने का है। धर्म, जाति और संस्कृति अलग हो सकती हैं, पर करुणा वह भाषा है, जो सबको जोड़ती है।

विचारशीलता किसी अवसर या औपचारिकता तक सीमित नहीं होनी चाहिए। यह हमारे रोजमर्रा के व्यवहार की दिशा बननी चाहिए। दूसरों के लिए समय निकालना, उनकी भावनाओं को समझना और जहां संभव हो, उनके जीवन की कठिनाई कम करना ही इसकी सच्ची अभिव्यक्ति है। सवाल यह नहीं कि हम संवेदना की बातें कितनी करते हैं; सवाल यह है कि क्या हम संवेदनशील होकर जीते हैं। दया, सहानुभूति और विचारशीलता को केवल आदत नहीं, चरित्र बनाना होगा। जीवन की अंतिम सफलता इसी में है कि हमारे होने से कितने जीवन बेहतर और कितने चेहरे अधिक उजले हुए।


कृति आरके जैन

शिक्षाविद्

बड़वानी (मप्र)

ईमेल:kratijainemail@gmail.com


Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ