दंभ किसका?
रूप का,
वह तो क्षणिक है।
कुछ समय पश्चात होना नष्ट ही उसकी नियति है।
तुम हवाओं में अभी जो उड़ रहे हो,
वह हवाएँ कुछ न ज्यादा दिन चलेंगी।
तब तुम्हें यह भान होगा,
व्यर्थ ही तो हम हवा में उड़ रहे थे।
व्यर्थ था वह दंभ जिस पर फूलते थे।
चार दिन के बाद कलियाँ फिर नयी खिलने लगेंगी,
फूल फिर नूतन खिलेंगे।
और तब होगा तुम्हें आभास
जिस पर फूलते थे हम वह तो क्षीण होकर जा चुका है।
आज तुमसे प्रेम पर जो प्रेम करते जा रहे हैं
वह न लेंगे हाल भी उस दिन तुम्हारा।
और फिर होगा तुम्हें आभास,
भँवरे उड़ गए हैं।
रूप का अभिमान कितना व्यर्थ था।
चल रहे थे हाथ जो थामे तुम्हारा कल तलक,
और तुमको भी सिवा उनके नहीं कुछ दीखता था;
दोस्त वह सब रूप के शौकीन निकले।
जो कमाया था धरा सब रह गया है...........
-गौरव शुक्ल
मन्योरा
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY