सब काम करेंगे रोबोट तो इंसानों का क्या होगा?
-डॉ. शैलेश शुक्ला
जब कोई पूछता है कि सब काम रोबोट करेंगे तो इंसानों का क्या होगा, तो यह प्रश्न केवल तकनीक का प्रश्न नहीं रहता, यह मनुष्य के अस्तित्व, उसकी गरिमा, उसके श्रम, उसके अर्थ और उसके भविष्य का प्रश्न बन जाता है, क्योंकि मनुष्य ने औजार इसलिए बनाए थे कि उसका जीवन सरल हो, पर अब औजार इतने सक्षम हो गए हैं कि वे मनुष्य का स्थान लेने की बात करने लगे हैं और यही बात मन में भय भी पैदा करती है और आशा भी, भय इसलिए कि यदि मशीनें खेत जोतेंगी, कारखाने चलाएँगी, हिसाब रखेंगी, गाड़ी चलाएँगी, खाना बनाएँगी और इलाज करेंगी, तो फिर मनुष्य क्या करेगा और आशा इसलिए कि यदि मनुष्य को पेट भरने के लिए दिन रात खटना न पड़े, तो वह अपने जीवन को अधिक मानवीय, अधिक रचनात्मक और अधिक अर्थपूर्ण बना सकेगा और इतिहास बताता है कि हर तकनीकी क्रांति के समय यही प्रश्न उठा था, जब भाप के इंजन आए, जब बिजली आई, जब कंप्यूटर आया, तब भी लोगों ने कहा कि अब मनुष्य बेकार हो जाएगा, पर मनुष्य ने हर बार नया काम खोज लिया, इसलिए रोबोट का प्रश्न भी केवल नौकरी का प्रश्न नहीं है, यह मनुष्य की परिभाषा का प्रश्न है।
रोबोट क्या कर सकते हैं, इसे समझना आवश्यक है, रोबोट थकते नहीं, भूलते नहीं, ऊबते नहीं, वे खतरनाक स्थानों पर जा सकते हैं, जहाँ मनुष्य का जाना जानलेवा है, वे खदानों में जा सकते हैं, वे अंतरिक्ष में जा सकते हैं, वे समुद्र की गहराई में जा सकते हैं, वे महामारी के समय अस्पतालों में जा सकते हैं, वे बार बार एक ही काम को एक ही सटीकता से कर सकते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है, पर रोबोट क्या नहीं कर सकते, इसे समझना और भी आवश्यक है, रोबोट प्रेम नहीं कर सकते, वे करुणा को केवल आँकड़ों में समझ सकते हैं, पर किसी दुखी व्यक्ति के कंधे पर हाथ रखकर उसे सांत्वना नहीं दे सकते, रोबोट माँ की ममता नहीं समझ सकते, वे गुरु की दृष्टि नहीं समझ सकते, वे किसी कविता के पीछे छिपी पीड़ा को नहीं जी सकते, वे नैतिक द्वंद्व में विवेक से निर्णय नहीं ले सकते, क्योंकि विवेक केवल तर्क नहीं है, वह अनुभव, संस्कार, पीड़ा और प्रेम का मिश्रण है और यही वह स्थान है जहाँ मनुष्य आज भी मशीन से आगे है, क्योंकि मनुष्य केवल बुद्धि नहीं है, वह हृदय भी है।
परंतु यह कहना भी सरलता होगी कि रोबोट केवल मनुष्य की सहायता करेंगे और कुछ नहीं बदलेंगे, क्योंकि बदलाव तो होगा और वह बदलाव बड़ा होगा, खेतों में ट्रैक्टर आने से हलवाहों का काम बदला, मिलों में मशीन आने से बुनकरों का काम बदला, कंप्यूटर आने से टाइपिस्ट और क्लर्क का काम बदला और अब कृत्रिम बुद्धि आने से ड्राइवर, अकाउंटेंट, पत्रकार, डिजाइनर और यहाँ तक कि डॉक्टर और वकील के काम का एक हिस्सा भी बदल रहा है, जो काम दोहराव वाला है, जो काम नियमों पर आधारित है, जो काम आँकड़ों पर आधारित है, वह काम मशीन अधिक तेजी से और अधिक सस्ते में करेगी और यह स्वाभाविक है, प्रश्न यह है कि हम इस बदलाव को कैसे स्वीकार करेंगे, क्या हम मनुष्य को मशीन से प्रतिस्पर्धा करने के लिए कहेंगे, या हम मनुष्य को वह काम देंगे जो केवल मनुष्य कर सकता है, यदि हम मनुष्य से कहेंगे कि वह मशीन की तरह तेज बने, मशीन की तरह सटीक बने, मशीन की तरह थके बिना काम करे, तो मनुष्य हार जाएगा, क्योंकि मनुष्य मशीन नहीं है, पर यदि हम मनुष्य से कहेंगे कि वह अधिक मानवीय बने, अधिक रचनात्मक बने, अधिक संवेदनशील बने, तो मनुष्य जीत जाएगा, क्योंकि यही उसका वास्तविक स्वभाव है।
भारत जैसे देश में यह प्रश्न और भी गंभीर है, क्योंकि यहाँ करोड़ों लोग श्रम पर निर्भर हैं, यहाँ किसान हैं, मजदूर हैं, रिक्शा चालक हैं, छोटे दुकानदार हैं, घरेलू काम करने वाले हैं और यदि एक ही झटके में मशीनें इन सबका काम ले लें, तो समाज में बेरोजगारी, असमानता और असंतोष बढ़ेगा, पर यदि हम धीरे धीरे, समझदारी से, मानवीय नीति के साथ मशीनों को अपनाएँ, तो यही मशीनें भारत के लिए वरदान बन सकती हैं, उदाहरण के लिए, खेतों में ड्रोन से छिड़काव करने से किसान को जहर से बचाया जा सकता है, अस्पतालों में रोबोट से सर्जरी में सटीकता लाई जा सकती है, स्कूलों में कृत्रिम बुद्धि से हर बच्चे को उसकी गति के अनुसार पढ़ाया जा सकता है, कारखानों में खतरनाक काम मशीनों को देकर मनुष्य को सुरक्षित किया जा सकता है, पर इसके लिए हमें शिक्षा को बदलना होगा, हमें बच्चों को केवल रटना नहीं सिखाना होगा, हमें उन्हें प्रश्न पूछना, तर्क करना, कल्पना करना, सहानुभूति रखना और नैतिक निर्णय लेना सिखाना होगा, क्योंकि आने वाले समय में वही लोग मूल्यवान होंगे जो मशीन से अलग सोच सकेंगे, जो मशीन को निर्देश दे सकेंगे, जो मशीन की गलती पकड़ सकेंगे और जो मशीन के निर्णय को मानवीय कसौटी पर परख सकेंगे।
एक और प्रश्न है जो अक्सर पूछा नहीं जाता, वह है अर्थ का प्रश्न, यदि सब काम मशीनें करेंगी तो मनुष्य को पैसा कहाँ से मिलेगा, यदि मनुष्य के पास पैसा नहीं होगा तो वह मशीनों द्वारा बनाई गई वस्तुओं को खरीदेगा कैसे और यदि वह खरीदेगा नहीं तो कारखाने चलेंगे कैसे, यह प्रश्न अर्थशास्त्र का सबसे बड़ा प्रश्न है, कुछ लोग कहते हैं कि भविष्य में सबको एक निश्चित बुनियादी आय दी जाएगी, कुछ लोग कहते हैं कि काम के घंटे कम हो जाएँगे, कुछ लोग कहते हैं कि नए प्रकार के काम पैदा होंगे, जैसे रोबोट की देखभाल, रोबोट की मरम्मत और मनुष्य की रचनात्मकता से जुड़े काम, पर इन सब उत्तरों में एक बात समान है, वह यह कि हमें काम को केवल पेट भरने का साधन नहीं मानना होगा, हमें काम को मनुष्य की गरिमा, उसकी पहचान और उसके योगदान का साधन मानना होगा, क्योंकि मनुष्य केवल रोटी से नहीं जीता, वह अर्थ से जीता है, वह सम्मान से जीता है, वह इस भाव से जीता है कि वह किसी के काम आ रहा है और यदि हम मनुष्य से यह भाव छीन लेंगे, तो उसके पास धन भले ही हो, पर जीवन का अर्थ नहीं होगा।
यह प्रश्न हमारे हाथ में है कि हम रोबोट को स्वामी बनाएँगे या सेवक, यदि हम रोबोट को स्वामी बना देंगे, तो मनुष्य आलसी, निर्भर और दिशाहीन हो जाएगा, वह सोचेगा नहीं, वह निर्णय नहीं लेगा, वह केवल मशीन के निर्देशों पर चलेगा और धीरे धीरे उसकी बुद्धि कुंद हो जाएगी, पर यदि हम रोबोट को सेवक बनाएँगे, तो मनुष्य स्वतंत्र होगा, वह कला सीखेगा, वह संगीत सुनेगा, वह परिवार के साथ समय बिताएगा, वह समाज की सेवा करेगा, वह ध्यान करेगा और वह जीवन को गहराई देगा और यही मनुष्य की वास्तविक प्रगति है, प्रगति का अर्थ यह नहीं है कि हम अधिक वस्तुएँ बनाएँ, प्रगति का अर्थ यह है कि हम अधिक मानवीय बनें, रोबोट हमें यह अवसर दे रहे हैं कि हम श्रम से मुक्त होकर सृजन की ओर जाएँ, बोझ से मुक्त होकर प्रेम की ओर जाएँ, भय से मुक्त होकर विवेक की ओर जाएँ, इसलिए प्रश्न यह नहीं है कि सब काम रोबोट करेंगे तो इंसानों का क्या होगा, प्रश्न यह है कि सब काम रोबोट करेंगे तो इंसान क्या बनना चाहेगा, क्या वह मशीन का गुलाम बनेगा, या स्वामी बनकर भी मनुष्य बना रहेगा, उत्तर हाथ है।
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY