रामकथा से रचती राजकथा : उत्तर प्रदेश की नई राजनीति
-डॉ. शैलेश शुक्ला
कुंडा की धरती पर जब रामकथा का मंच सजा तो वह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं रहा, वह उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक ऐसा मंच बन गया जहाँ धर्म, सत्ता, समाज और संस्कृति एक ही स्थान पर आकर मिल गए और जहाँ से उठने वाला स्वर केवल बेंती के परेड ग्राउंड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लखनऊ से दिल्ली तक और प्रतापगढ़ से देश के अन्य राज्यों तक सुनाई दिया, क्योंकि इस कथा के आयोजक स्वयं कुंडा के विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया थे, जिनके राजनीतिक जीवन का हर अध्याय उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए एक पाठ की तरह रहा है और जिनकी उपस्थिति मात्र से ही कुंडा का एक छोटा सा आयोजन राष्ट्रीय चर्चा का विषय बन जाता है, इसलिए जब 17 से 20 नवंबर 2026 तक बेंती में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चार दिवसीय श्रीराम कथा हुई तो उसे केवल कथा कहकर टाल देना संभव नहीं था, क्योंकि वह कथा थी भी और कूटनीति भी थी, वह भक्ति थी भी और शक्ति प्रदर्शन भी था, वह श्रद्धा थी भी और संदेश भी था और यही द्वंद्व इस कथा को उत्तर प्रदेश की नई राजनीति का सबसे महत्वपूर्ण प्रतीक बना देता है।
राजा भैया ने इस कथा में स्वयं को केवल आयोजक के रूप में नहीं रखा, बल्कि उन्होंने कथावाचक को प्रयागराज एयरपोर्ट से स्वयं कार चलाकर बेंती तक पहुँचाया और समापन के बाद स्वयं ही उन्हें हेलीपैड तक छोड़ा, एक ऐसा दृश्य जो सामान्य शिष्टाचार से कहीं अधिक था, क्योंकि इसमें सेवकभाव भी था, श्रद्धाभाव भी था और एक राजनीतिक संदेश भी था कि राजा अब दरबार में नहीं, धर्म के द्वार पर खड़ा है और जो व्यक्ति कभी बाहुबल के लिए जाना जाता था, वह अब धर्मबल के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है, जो व्यक्ति कभी सत्ता के समीकरणों के लिए जाना जाता था, वह अब संस्कृति के संकल्प के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है और इस परिवर्तन को समझे बिना कुंडा की राजनीति को समझना संभव नहीं है, क्योंकि कुंडा में नेता को केवल चुना नहीं जाता, उसे माना जाता है, उसे स्वीकारा जाता है, उसे अपने सुख दुख का साक्षी बनाया जाता है और यही रिश्ता कुंडा को उत्तर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से अलग करता है, जहाँ सरकारें बदलती रहीं, झंडे बदलते रहे, नारे बदलते रहे, गठबंधन बनते और बिगड़ते रहे, पर कुंडा का कुंड वैसा ही रहा, शांत, गंभीर, गहरा और अपनी ही गति से बहता हुआ, जिसमें हर दल को कभी न कभी झुककर अपना चेहरा देखना ही पड़ता है।
इस कथा की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि इसमें केवल स्थानीय लोग नहीं आए, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से अनेक उच्च स्तर के राजनीतिक नेता, संत, कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता पहुँचे, राजस्थान की शिव विधानसभा से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी इस कथा में पहुँचे और उन्होंने मंच से कहा कि राघव और माधव को बाँटने की साजिश नाकाम होगी, एक ऐसा वाक्य जो केवल धार्मिक वाक्य नहीं था, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक अखंडता का राजनीतिक वाक्य भी था, भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह भी इस कथा में पहुँचे, जिनकी उपस्थिति ने इस आयोजन को केवल राजनीतिक मंच तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे लोकप्रिय संस्कृति के मंच से भी जोड़ दिया, इसके अतिरिक्त योग गुरु बाबा रामदेव से लेकर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह तक अनेक दिग्गज इस कथा में पहुँचे, संत समाज आया, राजनेता आए, फिल्मी सितारे आए और जनसैलाब उमड़ा, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि कुंडा की यह कथा केवल कुंडा की कथा नहीं थी, वह उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक अखिल भारतीय शक्ति प्रदर्शन बन गई थी, जहाँ हर व्यक्ति अपनी उपस्थिति से यह संदेश दे रहा था कि वह हिंदू एकता, सनातन संस्कृति और धर्म आधारित राजनीति के साथ खड़ा है।
कथा के मंच से जो स्वर उठा, वह केवल भजन का स्वर नहीं था, वह हिंदू एकता का, सनातन संस्कृति का, जातिगत विभाजन को समाप्त करने का और धर्म को राजनीति से ऊपर रखने का स्वर था और राजा भैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक रहोगे तो सेफ रहोगे, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बँटोगे तो कटोगे और हम सब हिंदू भाई भाई जैसे नारों का खुला समर्थन करते हुए कहा कि हिंदुओं को किसी एक राजनीतिक दल के दायरे में बँधकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि जब बात हिंदुत्व की आए तो उन्हें पहले हिंदू समझना चाहिए और उनका तर्क था कि मुस्लिम समाज अलग अलग दलों में होने के बाद भी अपने धर्म को प्राथमिकता देता है, इसलिए हिंदुओं को भी अपनी धार्मिक पहचान को महत्व देना चाहिए, एक ऐसा तर्क जो सुनने में सरल लगता है, पर उत्तर प्रदेश की जटिल सामाजिक संरचना में इसके अनेक अर्थ निकलते हैं, क्योंकि यहाँ धर्म केवल पूजा पाठ का विषय नहीं है, वह पहचान का, असुरक्षा का, गर्व का, भय का और भविष्य का भी विषय बन चुका है और इसी कारण इस कथा को 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा गया, भले ही राजा भैया ने कहा कि कथा का चुनाव से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि राजनीति में हर आयोजन चुनाव से असंबद्ध बताया जाता है और हर असंबद्ध आयोजन चुनाव की ही तैयारी होता है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में धर्म का स्थान कभी मंदिर का था, कभी मंडल और कमंडल का था, कभी दलित अस्मिता और सामाजिक न्याय का था, कभी विकास और सुशासन का था और आज धर्म एक नए रूप में सामने है, जहाँ वह केवल मंदिर या मस्जिद का प्रश्न नहीं रहा, बल्कि एकता, अखंडता, आत्मगौरव और आत्मरक्षा का प्रश्न बन गया है और इस नई राजनीति में कथा केवल कथा नहीं रहती, वह नीति बन जाती है, वह रणनीति बन जाती है, वह संदेश बन जाती है और वह शक्ति प्रदर्शन बन जाती है, क्योंकि जब हजारों लोग एक मंच पर एकत्र होते हैं, जब संत, नेता और कलाकार एक ही मंच पर बैठते हैं, जब टीवी कैमरे उस मंच को देश भर में दिखाते हैं, तो वह मंच केवल धार्मिक मंच नहीं रहता, वह राजनीतिक मंच बन जाता है और कुंडा की कथा ने यही किया, उसने यह दिखाया कि धर्म के माध्यम से भी राजनीति की जा सकती है और राजनीति के माध्यम से भी धर्म की रक्षा की जा सकती है, परंतु यहाँ एक गंभीर प्रश्न भी उठता है कि क्या धर्म को राजनीति का साधन बनाना उचित है, या राजनीति को धर्म का साधन बनाना उचित है, क्योंकि यदि धर्म राजनीति का साधन बन गया तो वह अपनी पवित्रता खो देगा और यदि राजनीति धर्म का साधन बन गई तो वह अपनी मर्यादा पा लेगी और यही अंतर उत्तर प्रदेश की राजनीति की सबसे बड़ी चुनौती है।
2027 का चुनाव निकट है, परंतु मतदाता को एक प्रश्न पूछना चाहिए कि धर्म हमें जोड़ने के लिए है, या तोड़ने के लिए, यदि धर्म हमें प्रेम सिखाता है, तो वह राजनीति का आधार बन सकता है, यदि धर्म हमें भयभीत करता है, तो वह राजनीति का हथियार बन जाता है और कुंडा का कुंड गहरा है, उसमें राजनीति का पानी है, धर्म की लहरें हैं, परंतु अब प्रश्न केवल राजा भैया का नहीं है, प्रश्न उत्तर प्रदेश का है, क्या हम धर्म को राजनीति का सेवक बनाएँगे, या राजनीति को धर्म का सेवक, क्या हम कथा को आयोजन मानेंगे, या उसे आत्ममंथन बनाएँगे, बाकी समझदार हैं।
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY