जिंदगी फ़ूलों की सेज़ नहीं होती
मृदु फ़ूलों की लोल लहरियों पर
उन्मादक पाँव रखकर, उतराने वाले
क्या तुम भूल गये , जिंदगी
फ़ूलों की सेज़ नहीं होती , यह तो
पिघलती शिलाओं की नदी है
जो अथाह और खामोश है
इसके दोनों किनारे खड़े,भाव–विटवा
के उलझन की डाली से,अमृत और
हलाहल दोनों , झूल रहे
जिसे धरा पर उतारकर, आँखों के
आगे रखकर पीने में , सुर – असुर
दोनों के छक्के छूट गये
मगर,मूर्ख मनुज सोचता,देवताओं का
जब देह नहीं होता, तो उनमें इच्छा
भावना, बल- प्रताप, कहाँ से आयेगा
हम मनुज हैं, हममें भावों का सतरंग
प्रकाश अनवरत बरसता रहता
सूरज - चाँद- तारे , सभी हमारे ही
संदेश वहन करते , पर्वत-निर्झर से
हमारा ही गायन फ़ूटता
दग्ध मरु के प्राणों में कलरव
हमारे ही जीवन हरियाली से भरते
प्रकृति पर सर्वत्र विजयी पुरुष आसीन है
वायु- जल,प्रकाश,हमारे ही मुट्ठी में बंद है
फ़िर हम ईश्वर को शक्तिमान क्यों मानें
धूप- छाँह की संगति से पल्लव में
मांसल परिणति भरता, यह उसकी
दया है , ऐसा हम क्यों कहें
देखना एक दिन , डाली से टूटकर
अमृत का यह रस-मटका खुद-ब-खुद
हमारे चरणों पर आ गिरेगा
हम वृथा इनकी चिंता कर यौवन का
बहता मधुस्रोत क्यों सुखायें
कहते हैं जीवन रण से हारा मनुज
जब चिंघाड़ता है , धरती काँपती है
अम्बर डोलता है, महल की नीव उखड़
जाती है, शेर काल के गाल में चला जाता है
इसे हम ईश्वरीय विभूति का प्रसार क्यों कहॆं
बाधा - विघ्नों का बल , जीवन तम का
चिर भास्वर , हो तुम क्यों कर जानें
मैं मानती हूँ , नियति की चोट को जब नर
सह नहीं पाता है, तब दुर्द्धर्ष बन जाता है
मगर, यह मत भूलो , पहाड़ , सागर, अम्बर
धरती, इन चिर - समाधिस्थों का ध्यान
भंग आज तक किसी ने नहीं कर सका
हुँकारों से ये हिलते नहीं,ये सभी पंचत्व की
धार हैं , इन्हें हुँकारने वाला जगत की
अनित्यता पर विश्व को छोड़,खुद चला जाता है
इसलिए पाना है अगर इसे , तो
अनंत पाताल को फ़ोड़ो , और
आसव के उस देश को ढूँढ़ो, जहाँ
सुख वेश बदलकर रहता है
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY