किसकी खुशी, किसकी कीमत ?
— नन्दलाल भारती
मैं और मेरा कुनबा प्रकृतिप्रेमी,वृक्षप्रेमी है,
यह नसीब की सौगात है।
1991 में एक बीज रोपा था मेरी अर्धांगिनी ने,
वही आज विशाल नीम बनकर खड़ा है,
पहरेदार की तरह,
बिना किसी पक्षपात के सबको छाँव दे रहा है।
उसकी छाँव में ठेला खींचने वाले, सब्जी बेचने वाले,
थके-माँदे पथिक कुछ पल का सुकून पा लेते हैं।
पड़ोसियों को शिकायत है,
नीम के गिरते पत्तों से पर एहसान याद नहीं ।
वे भूल जाते हैं, पेड़ खुद जहर पीकर
ऑक्सीजन देता है,जीवन देता है।
खैर! जो मनुष्य का भला नहीं सोचते,
वे वृक्ष, पशु-पक्षियों से प्रेम कैसे कर सकते हैं?
नीम की डालियों पर पंछियों का बसेरा है।
एक अनदेखी चिड़िया हर सुबह चार बजे,
शहनाई जैसी तान छेड़ती थी।
कभी उसकी आवाज से नींद टूटती थी,
अब उसकी खामोशी बेचैन करती है।
दीपावली की रात आतिशबाजी का ऐसा शोर था कि,
खिड़कियों के शीशे काँप गए थे।
दीपावली के बाद से चिड़िया नहीं बोली।
शायद उसका जीवन शोर की भेंट चढ़ गया।
कैसी खुशी? कैसी रोशनी ?
जो किसी का जीवन छीन ले!
त्योहार मनाइए, मगर किसी के लिए आतंक मत बनिए।
पेड़ बचेंगे तो परिंदों के गीत बचेंगे,
प्रकृति बचेगी तो हमारे कल बचेंगे।
खुशियाँ मनाइए, मगर किसी का संसार मत उजाड़िए,
दीप जलाइए,मगर किसी के जीवन का दीप न बुझाइए।
nlbharatiauthor@gmail.com
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY