कहानी :बेदखलनामा
— नन्दलाल भारती
*****
सुबह के करीब आठ बजे थे। ईश्वरचंद नाश्ते की मेज पर बैठे थे। सामने गरमागरम पोहा रखा था, लेकिन उनकी निगाहें कहीं दूर शून्य में अटकी थीं। चाय ठंडी हो चुकी थी और चश्मा मेज पर पड़ा था। आँखों के कोरों पर ठहरे आँसू उनके भीतर चल रहे किसी तूफान की गवाही दे रहे थे।
ज्योति रसोई से बाहर आई तो पति की उदासी देखकर ठिठक गई।
"क्या हुआ गुड्डी के पापा? आज नाश्ते में मन नहीं लग रहा?"
ईश्वरचंद ने चश्मा उठाकर मेज पर रख दिया।
"हाँ ज्योति! आज मन बहुत भारी है।"
"सुबह-सुबह ऐसी क्या बात हो गई कि आँखें भर आईं? रात को तो ठीक थे। कोई बुरी खबर मिली है क्या?"
"बगीचे में टहलने गया था। वहाँ एक बेंच पर एक अम्मा और दादा बैठे बातें कर रहे थे। दादा की आँखों में आँसू थे। उनकी बातें सुनकर लगा, जैसे वे हमारे ही बारे में बात कर रहे हों।"
ज्योति ने एक गहरी साँस ली।
"ऊँचाई से देखोगे तो आजकल हर घर की यही दास्तान दिखाई देगी। फर्क बस इतना है कि कहीं आँसू दिखाई देते हैं और कहीं उन्हें तकिए में छिपाकर सो लिया जाता है।"
"बैठो ज्योति! मन बहुत अशांत है।"
ज्योति ने उनकी ओर देखा और हल्की मुस्कान के साथ बोली, "मन तो मेरा भी दुःखी है। लेकिन बैठ गई तो पानी कौन देगा? दवा कौन निकालेगा? नाश्ता कौन बनाएगा? अपने बुढ़ापे की सेवा भी तो हमें खुद ही करनी है।"
ईश्वरचंद ने पत्नी की ओर देखा। दोनों की आँखें मिलीं। उस एक क्षण में वर्षों का साझा दुख जैसे एक-दूसरे के भीतर उतर गया।
"यही चिंता तो उस बेंच पर बैठी अम्मा की भी थी। दादा की आँखों में आँसू थे और अम्मा उन्हें समझा रही थी। लेकिन उसकी एक बात ने मुझे भीतर तक हिला दिया।"
"कौन-सी बात?"
"वह कह रही थी कि बहू से पहले माँ-बाप का गुनहगार बेटा होता है। बेटा ही अगर अपनी जिम्मेदारी समझे तो कोई दूसरा उसके माँ-बाप को बेसहारा नहीं कर सकता।"
ज्योति चुप हो गई।
ईश्वरचंद फिर बोले, "वह कह रही थी कि बेटा चोरी-छिपे पत्नी को महँगे-महँगे उपहार देता है, लेकिन माँ-बाप के हिस्से घर का बासी खाना आता है। बेटा-बहू होटल में खाते हैं, सिनेमा देखते हैं, देर रात लौटते हैं और अपने कमरे में बंद हो जाते हैं। बूढ़े माँ-बाप दरवाजे की आहट सुनते-सुनते सो जाते हैं।"
"बात तो सच है।"
"और सुनो, वह कह रही थी कि कुछ बेटे अपनी पत्नी के सामने इतने कमजोर हो जाते हैं कि माँ-बाप के प्रति अपना कर्तव्य तक भूल जाते हैं। उन्हें लगता है कि माता-पिता का सम्मान करना पत्नी की नाराजगी मोल लेना है। जबकि सच यह है कि जो अपनी पत्नी से प्रेम करता है, वह अपने माता-पिता से नफरत करने के लिए बाध्य नहीं होता।"
ज्योति ने धीमे स्वर में कहा, "अपना तजुर्बा भी तो यही है। हमारी बहू रुपवती भले ही शिकारी बाप की बेटी निकली, लेकिन अपना राजीव अंकुश लगाता तो क्या वह इतनी बेकाबू होती?"
ईश्वरचंद ने पत्नी को बीच में रोक दिया।
"राजीव ने तो खुद सारे रास्ते दिखाए थे। हमें छोड़कर दूसरे प्रदेश चला गया कहा कि इस छोटे शहर में मेरा भविष्य नहीं है, उसकी पत्नी बड़े शहर से थी न ।
कहता था, वहाँ अच्छी नौकरी है, तरक्की के अवसर हैं। हमने भी सोचा, बेटा आगे बढ़ेगा तो हमारा बुढ़ापा भी सँवर जाएगा। लेकिन उसे क्या पता था कि तरक्की की दौड़ में वह अपने ही रिश्तों को पीछे छोड़ देगा, या शायद उसे इसकी परवाह ही नहीं रही।"
"तुम्हें याद है, जब वह पहली बार रुपवती को लेकर आया था? हमने कितने अरमानों से घर सजाया था। मैंने अपने हाथों से उसके लिए रसोई का सामान खरीदा था।
"हाँ, और मैंने कितनी बार कहा था कि बहू को बेटी बनाकर रखेंगे। लेकिन बेटी बनने के लिए भी तो रिश्ते में अपनापन चाहिए। हमने तो कभी बहू-बेटे के बीच दीवार नहीं खड़ी की।"
ईश्वरचंद कुछ देर चुप रहे। फिर बोले, "राजीव इतना कमाता है, फिर भी बरकत नहीं है। किराये का मकान बदलता रहता है। रुपवती की जरूरतें सुरसा के मुँह की तरह बढ़ती जाती हैं।
राजीव के साथ नौकरी करने वाले लड़कों के पास आलीशान मकान हैं, गाड़ियाँ हैं, बैंक बैलेंस है। वे अपने माता-पिता को भी सम्मान से रखते हैं, गर्व करते हैं । हमारा बेटा अपने ही माँ-बाप के लिए सोलह आने में से एक आना भी नहीं निकाल पाता-नालायक l
"एक बार मैं हिम्मत करके उसके पास गई थी। सोचा था, बेटे को देखकर मन हल्का हो जाएगा। लेकिन रुपवती ने दरवाजे पर ही ऐसा व्यवहार किया, जैसे मैं कोई अनजान औरत नहीं, बल्कि उसके घर पर कब्जा करने आई हूँ।"
ईश्वरचंद की आवाज भर्रा गई।
"और राजीव?"
"वह सामने खड़ा सब देखता रहा। न उसने मेरा हाथ पकड़ा, न कहा कि माँ मत जाओ। उस दिन समझ गई थी कि जिस बेटे को गोद में खिलाया, उसके घर में अब मेरे लिए जगह नहीं बची।"
ईश्वरचंद ने अपना सिर झुका लिया।
"सच ज्योति! माँ-बाप को बहू से पहले बेटा बेसहारा कर देता है। बहू तो बाद में आती है। बेटा अगर अपने संस्कार और जिम्मेदारी के साथ खड़ा रहे तो माता-पिता को कोई बेदखल नहीं कर सकता।"
"अब क्या होगा? हमारा राजीव तो जैसे हमें भूल ही गया है।"
"नाश्ता करो, दवाई खाओ। जो नियति को मंजूर होगा, देखेंगे।"
ज्योति ने पति की प्लेट उनकी ओर सरका दी।
"नियति के भरोसे बैठे रहे तो एक दिन नियति भी पूछेगी कि जब तुम्हारे हाथ-पैर सलामत थे, तब अपने लिए जीने की कोशिश क्यों नहीं की?"
ईश्वरचंद ने पत्नी की ओर देखा। पहली बार उनके चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान आई।
ईश्वरचंद नॉन पेंशनर सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। पूरी नौकरी ईमानदारी से की थी। राजीव उनकी इकलौती संतान था। उसकी पढ़ाई, नौकरी, विवाह और भविष्य के लिए उन्होंने अपनी जरूरतों को हमेशा पीछे रखा था, पीएफ का पैसा ऊँची पर लगाये, बेटा राजीव का ब्याह भी पीएफ का पैसा खर्च किया,दहेज़ शब्द से नफ़रत थी, जबान के पक्के दहेज़ कैसे लेते?
राजीव की इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए ज्योति ने अपने गहने तक गिरवी रख दिए थे। ईश्वरचंद ने अपनी भविष्य निधि का बड़ा हिस्सा बेटे की पढ़ाई पर खर्च कर दिया था।
जब राजीव की नौकरी दूसरे प्रदेश में लगी तो दोनों ने खुशी-खुशी उसे विदा किया। शादी के तुरंत बाद रुपवती भी उसके साथ चली गई।
शुरुआत में फोन आते थे।
"पापा, आप लोग अपना ध्यान रखना।"
"माँ, दवा समय से खा लेना।"
"राजीव बेटा, कभी हमें भी अपने पास बुला लेना।"
"अरे माँ! अभी घर छोटा है। थोड़े दिन में बड़ा मकान ले लूँगा, फिर आप दोनों को अपने पास रखूँगा।"
वे दोनों उसी थोड़े दिन का इंतजार करते रहे।
धीरे-धीरे फोन की अवधि छोटी होने लगी। पहले दस मिनट, फिर पाँच मिनट और फिर कभी-कभार औपचारिक बातचीत।
ज्योति फोन पर पूछती, "बेटा, खाना खा लिया?"
"हाँ माँ, अभी ऑफिस में हूँ।"
"बहू कैसी है?"
"ठीक है।"
"कभी हमें भी याद कर लिया करो।"
"माँ, अभी बहुत काम है। बाद में बात करता हूँ।"
फोन कट जाता।
ज्योति फोन को देर तक कान से लगाए रहती, जैसे दूसरी तरफ से अभी कोई आवाज आएगी।
ईश्वरचंद उसे समझाते, "काम में व्यस्त रहता होगा।"
वह जवाब देती, "काम में व्यस्त होना और माँ-बाप को भूल जाना, दोनों अलग बातें हैं।"
समय गुजरता रहा। एक दिन ज्योति ने राजीव को फोन किया।
"बेटा, तुम्हारे पापा की तबीयत ठीक नहीं रहती। डॉक्टर ने कुछ जाँचें लिखी हैं। सोचा था, तुमसे बात कर लूँ।"
"माँ, आप डॉक्टर को दिखा दो। पैसे की जरूरत हो तो बता देना।"
"बेटा, पैसे से ज्यादा जरूरत तुम्हारी है।"
कुछ पल खामोशी रही।
"माँ, आप भी कैसी बातें करती हो! मैं यहाँ से कैसे आऊँ? ऑफिस की जिम्मेदारियाँ हैं।"
"ठीक है बेटा। जिम्मेदारियाँ निभाओ। हमने तो तुम्हें जिम्मेदार बनाने के लिए ही पाला था।"
ज्योति ने फोन रख दिया।
उस शाम ईश्वरचंद ने पूछा, "बात हुई?"
"हाँ, कह रहे थे कि पैसे चाहिए तो बता देना।"
ईश्वरचंद मुस्कराए, लेकिन उस मुस्कान में पीड़ा थी।
"बुढ़ापे में आदमी को पैसों से ज्यादा किसी अपने के हाथ की जरूरत होती है, ज्योति। बैंक खाते से दवा खरीदी जा सकती है, लेकिन सिरहाने बैठकर माथे पर हाथ नहीं रखा जा सकता।"
ज्योति की आँखें छलक आईंl
कुछ महीने बाद एक दिन राजीव का फोन आया।
"पापा, हम लोग मकान बदल रहे हैं। यहाँ से दूसरी जगह शिफ्ट होना है।"
"अच्छी बात है बेटा।"
"आप लोग अपना सामान संभालकर रखना। हमारे पास जगह की दिक्कत है। अभी आपको बुलाना संभव नहीं होगा।"
ईश्वरचंद ने पूछा, "क्यों बेटा? क्या हम तुम्हारे घर में जगह घेर लेंगे?"
"पापा, ऐसी बात नहीं है। आप गलत समझ रहे हैं।"
"तो सही बात क्या है राजीव? क्या तुम्हारे घर में माँ-बाप के लिए दो कुर्सियाँ भी नहीं हैं?"
"पापा, आप हर बात को भावुकता से क्यों लेते हैं? आजकल जिंदगी बहुत व्यस्त है।"
ईश्वरचंद ने धीमे स्वर में कहा, "बेटा, व्यस्त जिंदगी में माँ-बाप के लिए जगह न हो तो मकान बड़ा होने का क्या फायदा?"
राजीव ने कोई जवाब नहीं दिया।
फोन कट गया।
उस रात ईश्वरचंद देर तक सो नहीं सके। ज्योति ने करवट बदलते हुए पूछा, "नींद नहीं आ रही?"
"एक बात पूछूँ?"
"पूछो।"
"क्या हमने राजीव को पालने में कोई गलती की?"राजीव क्यों पराया हो रहा है?
ज्योति ने तुरंत उनका हाथ पकड़ लिया।
"ऐसी बात फिर कभी मत कहना। माता-पिता अपनी संतान को प्यार देते हैं, संस्कार देते हैं, रास्ता दिखाते हैं। लेकिन संतान जब बड़ी होकर अपना रास्ता खुद चुनती है तो उसके हर गलत कदम के लिए माता-पिता को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।"
"लेकिन कहीं न कहीं हमारी भी तो जिम्मेदारी थी। हमने उसे जरूरत से ज्यादा दिया, शायद जिम्मेदारी कम सिखाई।"
"तो क्या अब जिंदगीभर उसी अपराधबोध में जिएँगे? हमने अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी।"
ईश्वरचंद ने पत्नी का हाथ और मजबूती से पकड़ लिया।
अगले दिन ईश्वरचंद फिर उसी बगीचे में पहुँचे। पिछली बार की तरह वही बुजुर्ग दंपती बेंच पर बैठे थे।
ईश्वरचंद ने नमस्कार किया।
"बाबा, पिछली बार आपकी बातें सुनी थीं। मन हुआ आपसे बात करूँ।"
बुजुर्ग ने मुस्कराकर जगह दी।
"बैठिए। दुख की बातें सुनने-सुनाने से कभी-कभी मन हल्का हो जाता है।"
"आपके बच्चे भी दूर रहते हैं?"
बुजुर्ग ने गहरी साँस ली।
"बेटा, बच्चे तो पास ही रहते हैं। बस हमारे पास नहीं रहते।"
ईश्वरचंद उनकी ओर देखने लगे।
"क्या मतलब?"
"बड़ा दूर बड़े शहर में। दूसरा दूसरे शहर दोनों के पास फोन है, गाड़ी है, अच्छी नौकरी है। लेकिन हमारे लिए समय नहीं है। कभी-कभी लगता है, हम इस घर के मालिक नहीं, पुराने किरायेदार हैं, जिनकी मियाद खत्म हो चुकी है।"
उनकी पत्नी बोल पड़ीं।
"आपका बेटा दूर शहर में है। हमारा बेटा पास रहकर कभी -कभी बहुत दूर लगता है। दूरी किलोमीटर से नहीं, मन से नापी जाती है।"
ईश्वरचंद ने पूछा, "फिर आप लोग करते क्या हैं?"
बुजुर्ग महिला ने कहा, "पहले रोते थे। फिर एक दिन तय किया कि अब बाकी जिंदगी रोकर नहीं बिताएँगे।"
"कैसे?"
"बगीचे में रोज आने लगे। कुछ दूसरे बुजुर्ग मिले। किसी की बेटी विदेश में है किसी का इकलौता बेटा विदेश में है, किसी के दो बेटे विदेशी नागरिक, किसी का बेटा शहर में। किसी के बच्चे हैं, लेकिन कोई पूछने वाला नहीं। हमने मिलकर एक छोटा-सा समूह बना लिया। सुबह मिलते हैं, बातें करते हैं, किसी की दवा लाते हैं, किसी को अस्पताल ले जाते हैं। महीने में एक दिन सब मिलकर खाना बनाते हैं।"
बुजुर्ग ने मुस्कराकर कहा, "हमने तय किया कि बच्चे हमारी जिंदगी में नहीं हैं तो इसका अर्थ यह नहीं कि जिंदगी हमारे लिए खत्म हो गई।"
ईश्वरचंद देर तक उन्हें देखते रहे।
बुजुर्ग महिला ने कहा, "बेटा, बुढ़ापा बीमारी नहीं है। यह जीवन का वह पड़ाव है जहाँ आदमी को सबसे ज्यादा अपनापन चाहिए। लेकिन अपनापन न मिले तो अपने भीतर का दिया बुझने मत देना।"
ईश्वरचंद की आँखें भर आईं।
"आपकी बातों ने तो जैसे मुझे रास्ता दिखा दिया।"
बुजुर्ग ने उनके कंधे पर हाथ रखा।
"एक बात याद रखना। संतान का कर्तव्य है माता-पिता की सेवा करना, लेकिन माता-पिता का भी कर्तव्य है कि अपनी बची हुई जिंदगी को केवल संतान की प्रतीक्षा में बर्बाद न करें।"
उस दिन ईश्वरचंद घर लौटे तो उनके चेहरे पर एक अलग ही चमक थी।
"ज्योति!"
"क्या हुआ? आज बड़े खुश दिखाई दे रहे हो?"
"हम जिंदगीभर राजीव के फोन का इंतजार करते रहे। अब मैं चाहता हूँ कि कुछ ऐसा करें जिससे किसी और बूढ़े माँ-बाप को अकेलेपन में दम न तोड़ना पड़े।"
"क्या करना चाहते हो?"
"इस मोहल्ले के बुजुर्गों को एक साथ जोड़ना चाहता हूँ। जिनके बच्चे पास नहीं हैं, जिनके बच्चे होकर भी उनके पास नहीं हैं, जिनके पास बात करने वाला कोई नहीं है। सब मिलकर एक-दूसरे का सहारा बनेंगे।"
ज्योति ने पहली बार खुलकर मुस्कराते हुए कहा, "तो फिर देर किस बात की? घर के सामने वाला खाली कमरा पड़ा है। वहीं से शुरुआत करते हैं।"
"लेकिन लोग क्या कहेंगे?"
लोगों का काम है कहना "लोग तो तब भी कहते थे जब हम राजीव के लिए जीते थे। अब कुछ अपने लिए और दूसरों के लिए जी लेंगे तो क्या बिगड़ जाएगा?"
दोनों हँस पड़े।
कुछ ही दिनों में उनके घर का खाली कमरा बुजुर्गों के मिलने-जुलने का ठिकाना बन गया। किसी ने उसका नाम रखा—'सांझा आँगन'।
वहाँ सुबह चाय बनती। कोई अखबार पढ़ता, कोई कविता सुनाता, कोई अपने पुराने अनुभव साझा करता। किसी को डॉक्टर के पास जाना होता तो दो लोग साथ चले जाते। जिन बुजुर्गों के पास फोन नहीं था, उन्हें फोन चलाना सिखाया जाने लगा।
ज्योति ने कुछ महिलाओं के साथ मिलकर अकेली और असहाय वृद्धाओं की सहायता का काम शुरू किया।
ईश्वरचंद कहते, "हम यहाँ किसी पर एहसान करने नहीं आए हैं। हम सब एक-दूसरे के अपने हैं।"
धीरे-धीरे 'सांझा आँगन' की चर्चा आसपास के इलाकों में होने लगी।
एक दिन वहाँ एक वृद्ध महिला आई। उसके हाथ में एक पुरानी फाइल थी और आँखों में अजीब-सी बेचैनी।
ज्योति ने उसे पानी दिया।
"माताजी, क्या हुआ? इतनी परेशान क्यों हैं?"
वह रो पड़ी।
"बेटी, मेरे बेटे ने मुझसे घर खाली करने को कहा है। मैं कहाँ जाऊँ?"
ईश्वरचंद ने पूछा, "मकान किसके नाम है?"
"मेरे पति ने मेरे नाम किया था। अब पति भी नहीं रहे। बेटा कहता है कि माँ, तुम तो बूढ़ी हो गई हो, तुम्हें इतने बड़े मकान की क्या जरूरत?"
ज्योति ने उसका हाथ थाम लिया।
"माँ, मकान बड़ा हो या छोटा, उसमें रहने का अधिकार उम्र देखकर नहीं छीना जा सकता।"
ईश्वरचंद ने कहा, "आप चिंता मत कीजिए। पहले अपने अधिकारों के बारे में सही कानूनी सलाह लेंगे। जरूरत पड़ी तो उचित कानूनी सहायता भी दिलवाएँगे।"
वृद्धा की आँखों से आँसू बहने लगे।
"बेटा, मुझे मकान से ज्यादा अपने बेटे की जरूरत थी।"
ईश्वरचंद ने बहुत धीमे स्वर में कहा, "माँ, कभी-कभी जिन्हें हम अपना घर समझते हैं, वे हमें घर में रहने की इजाजत तो देते हैं, लेकिन अपनेपन का अधिकार नहीं देते। फिर भी आप अकेली नहीं हैं।"
उस दिन ज्योति देर तक उस वृद्धा के पास बैठी रही।
एक शाम राजीव का फोन आया।
"पापा, आप लोगों की कोई संस्था चल रही है क्या?"
ईश्वरचंद ने शांत स्वर में कहा, "हाँ बेटा, कुछ बुजुर्ग मिलकर एक-दूसरे का सहारा बन रहे हैं।"
"मुझे किसी ने बताया कि आप लोग मोहल्ले में बुजुर्गों के लिए काम कर रहे हैं।"
"तो?"
"पापा, लोग बातें बना रहे हैं। कह रहे हैं कि आपका बेटा आपको छोड़कर चला गया और आप लोग अब दूसरों के माँ-बाप की सेवा कर रहे हैं।"
ईश्वरचंद कुछ क्षण चुप रहे।
फिर बोले, "बेटा, लोगों की बातों से ज्यादा मुझे उस दिन दुख हुआ था जब मेरी पत्नी तुम्हारे दरवाजे पर खड़ी थी और तुमने उसे अंदर बुलाने की हिम्मत नहीं की थी।"और मेरे साथ भी तो ऎसा ही हुआ था याद तो होगा?
राजीव खामोश हो गया।
"पापा, पुरानी बातों को जाने दीजिए।"
"बेटा, पुरानी बातें ही तो आदमी को वर्तमान का अर्थ समझाती हैं। तुम्हारी माँ आज भी तुम्हारे फोन का इंतजार करती है। लेकिन अब हम उस इंतजार में अपनी जिंदगी नहीं गँवाते।"
"पापा, मैं आप लोगों को अपने पास बुलाना चाहता हूँ।"
ईश्वरचंद ने पूछा, "क्यों? तुम्हें हमारी जरूरत महसूस होने लगी?"
"आप ऐसा क्यों बोल रहे हैं?"
"क्योंकि जब हमें तुम्हारी जरूरत थी, तब तुम्हारे पास समय नहीं था। अब हम अपने पैरों पर खड़े होने की कोशिश कर रहे हैं तो तुम्हें हमारी याद आ रही है।"
राजीव ने सफाई देने की कोशिश की।
"पापा, घर में कुछ परिस्थितियाँ ऐसी थीं। रुपवती भी नहीं चाहती थी कि आप लोग हमारे साथ रहें।"
ईश्वरचंद की आवाज पहली बार कठोर हुई।
"राजीव! अपनी पत्नी को दोष देकर अपनी जिम्मेदारी से मत भागो। घर तुम्हारा था, निर्णय तुम्हारे थे। माँ -बाप को दरवाजे से लौटते देखकर तुम चुप थे। उस दिन तुम्हारी चुप्पी ने ही तुम्हारे माता-पिता को बेदखल किया था।"
"पापा, मैं मानता हूँ कि मुझसे गलती हुई है।"
"गलती वह होती है जो अनजाने में हो जाए। अपने माँ-बाप के आँसू देखकर भी अनदेखा करना गलती नहीं, संवेदनहीनता है।"
राजीव की आवाज धीमी पड़ गई।
"पापा, मैं आपसे मिलना चाहता हूँ।"
"दरवाजे खुले हैं बेटा। लेकिन याद रखना, यहाँ तुम्हारा स्वागत होगा,न तुम्हारा और न तुम्हारी पत्नी के अहंकार का नहीं।"
कुछ दिनों बाद राजीव और रुपवती 'सांझा आँगन' पहुँचे।
ज्योति ने बेटे को देखा तो आँखें भर आईं। वह आगे बढ़ी और राजीव के सिर पर हाथ रख दिया।
"कैसा है बेटा?"
राजीव माँ के पैरों पर झुक गया।
"माँ, मुझे माफ कर दो।"
ज्योति ने उसे उठाया। उसकी आँखों में आँसू थे।
"बेटा, माँ -बाप का दिल इतना छोटा नहीं होता कि अपनी संतान को माफ न कर सके। लेकिन एक बात बताओ, जब हम लोग तुम्हारे दरवाजे से खाली हाथ लौटे थे तब तुम्हें हमारी याद क्यों नहीं आई?"
राजीव के पास कोई जवाब नहीं था।
निशाना चूक गए शिकारी की तरह रुपवती भी चुपचाप खड़ी थी।
ईश्वरचंद सामने आए।
"आओ बेटा। बैठो।"
राजीव ने चारों तरफ देखा। वहाँ बैठे बुजुर्गों में से कई की आँखें उसकी ओर उठी हुई थीं।
एक बुजुर्ग ने मुस्कराकर कहा, "अच्छा है बेटा, आज तुम अपने माँ-बाप से मिलने आए हो। हममें से कई ऐसे हैं जिनके बच्चे शायद रास्ता भी भूल गए हैं।"
राजीव का सिर झुक गया।
रुपवती ने धीरे से कहा, "माँजी, मुझसे भी बहुत गलतियाँ हुई हैं।"
ज्योति ने उसे पास बैठाया।
"बेटी, रिश्ते गलती से टूटते हैं और स्वीकार से जुड़ते हैं। लेकिन केवल माफी माँगने से सब ठीक नहीं होता। व्यवहार बदलना पड़ता है।"
ईश्वरचंद ने राजीव की ओर देखा।
"बेटा, हम तुम्हारे साथ रहने की जिद नहीं करेंगे। तुम्हारा अपना परिवार है, तुम्हारी अपनी जिंदगी है। लेकिन माँ-बाप का भी एक परिवार होता है, जिसमें संतान की जगह कोई दूसरा नहीं ले सकता।"
राजीव की आँखें भर आईं।
"पापा, मैं आपको लेने आया हूँ।"
ईश्वरचंद ने शांत स्वर में कहा, "हम कहीं जाने के लिए तैयार नहीं हैं। यह घर अब केवल हमारा नहीं रहा। यहाँ कई ऐसे बुजुर्ग आते हैं जिन्हें अपनेपन की जरूरत है। हम इन्हें छोड़कर नहीं जा सकते।"
"तो क्या आप मुझे कभी माफ नहीं करेंगे?"
"बेटा, माफी और भरोसा अलग-अलग चीजें हैं। माफी आज दे सकता हूँ, भरोसा तुम्हें अपने व्यवहार से कमाना होगा।"
ज्योति ने आगे बढ़कर कहा, "हमें तुम्हारे पैसों की जरूरत नहीं है। बस इतना चाहते हैं कि कभी फोन करो तो औपचारिकता के लिए नहीं, मन से करो। कभी मिलने आओ तो घड़ी देखकर मत बैठो। और अपने बच्चों को यह जरूर सिखाना कि दादा-दादी का होना घर की खुशकिस्मती है, बोझ नहीं।"
राजीव ने माँ का हाथ पकड़ लिया।
"माँ, मैं कोशिश करूँगा।"
ईश्वरचंद ने कहा, "कोशिश नहीं बेटा, शुरुआत करो। रिश्ते इंतजार करते-करते थक जाते हैं।"
कुछ सप्ताह बीत गए। राजीव अब नियमित रूप से फोन करने लगा था। कभी वह स्वयं आता, कभी अपने बच्चों को लेकर आता। रुपवती भी धीरे-धीरे 'सांझा आँगन' की गतिविधियों में शामिल होने लगी।
पर ईश्वरचंद और ज्योति ने अपनी दुनिया फिर से राजीव तक सीमित नहीं की।
एक दिन 'सांझा आँगन' में बुजुर्गों की बैठक थी। ईश्वरचंद ने एक कागज हाथ में लिया।
ज्योति ने पूछा, "यह क्या है?"
ईश्वरचंद ने मुस्कराकर कहा, "बेदखलनामा।"
ज्योति चौंकी।
"किसका?"
"उस सोच का, जो बुजुर्गों को यह विश्वास दिलाती है कि उनकी उम्र खत्म हो गई तो उनका अधिकार भी खत्म हो गया। उस मानसिकता का, जो माता-पिता को संतान के सामने हाथ फैलाने के लिए मजबूर करती है। उस अहंकार का, जो घर के बुजुर्गों को घर का सदस्य नहीं, अतिरिक्त सामान समझता है।"
उन्होंने कागज पर लिखी पंक्तियाँ पढ़नी शुरू कीं—
"आज हम यह घोषणा करते हैं कि हम अपने ही जीवन से बेदखल नहीं होंगे। अपनी उम्र को अपनी कमजोरी नहीं बनने देंगे। अपने सम्मान का सौदा नहीं करेंगे। संतान से प्रेम करेंगे, लेकिन अपनी जिंदगी को उसकी कृपा पर नहीं छोड़ेंगे। हम एक-दूसरे का सहारा बनेंगे और किसी भी बुजुर्ग को अकेलेपन में टूटने नहीं देंगे।"
कुछ क्षण के लिए वहाँ सन्नाटा छा गया।
फिर एक बुजुर्ग महिला की आवाज आई—
"ईश्वरचंद भाई, आज आपने हमारे दिल की बात कह दी।"
ज्योति ने आगे बढ़कर उस कागज के नीचे हस्ताक्षर कर दिए।
धीरे-धीरे सभी बुजुर्गों ने हस्ताक्षर किए।
उस दिन 'बेदखलनामा' किसी बेटे द्वारा माँ-बाप को घर से निकालने का दस्तावेज नहीं रहा। वह बुजुर्गों के आत्मसम्मान और नए जीवन का घोषणापत्र बन गया।
शाम को ईश्वरचंद और ज्योति घर के बाहर बैठे थे। सूरज ढल रहा था। बगीचे में बच्चे खेल रहे थे। कुछ बुजुर्ग टहल रहे थे। कहीं हँसी थी, कहीं बातचीत, कहीं चाय की प्यालियों की खनक।
ज्योति ने ईश्वरचंद से पूछा, "आज मन कैसा है?"
ईश्वरचंद ने मुस्कराकर कहा, "आज बहुत हल्का है।"
"और राजीव?"
"वह हमारा बेटा है। उससे प्रेम कम नहीं हुआ। लेकिन अब हमारी जिंदगी सिर्फ उसके फोन की घंटी पर निर्भर नहीं है।"
ज्योति ने उनका हाथ थाम लिया।
ईश्वरचंद बोले—
"ज्योति, जानते हो, बुढ़ापे का सबसे बड़ा दुख क्या है?"
"क्या?"
"यह नहीं कि शरीर कमजोर हो जाता है। यह है कि आदमी अपने ही लोगों के बीच अपनी जरूरत साबित करने लगता है।"
"और सबसे बड़ी ताकत?"
"यह विश्वास कि जब तक साँस है, तब तक जिंदगी में कुछ अच्छा करने की गुंजाइश बाकी है।"
तभी सामने से एक छोटा बच्चा दौड़ता हुआ आया। उसने ईश्वरचंद के हाथ में एक फूल रख दिया।
"दादाजी, यह आपके लिए।"
ईश्वरचंद ने बच्चे को गोद में उठा लिया।
उनकी आँखों में फिर आँसू थे, लेकिन इस बार वे पीड़ा के नहीं, जीवन के प्रति लौटते विश्वास के आँसू थे।
ज्योति ने मुस्कराकर पूछा, "अब तो नाश्ते में मन लगेगा न?"
ईश्वरचंद हँस पड़े।
"हाँ, अब तो जिंदगी में भी मन लगेगा।"
और उस शाम दोनों ने महसूस किया कि उन्हें अपने बेटे से प्रेम करने के लिए अपनी जिंदगी छोड़ने की जरूरत नहीं थी।
क्योंकि माता-पिता को संतान से बेदखल किया जा सकता है, लेकिन उन्हें जीने के अधिकार से बेदखल नहीं किया जा सकता।
*******
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY