Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

अंतिम ख़ामोशी

 

अंतिम ख़ामोशी
— नन्दलाल भारती
मैं खामोश हूँ,
क्योंकि बाकी लोग बोलते हैं।
मैंने खामोश जीना सीख लिया है,
क्योंकि अब बाकी लोग
शोर मचाने लगे हैं।
अब मैं बूढ़ा, लाचार पिता हूँ,
मेरी कमाई बंद हो चुकी है।
बाकी लोग कमाते हैं अब,
मेरी कमाई से कई गुना अधिक,
अफसोस! उनकी कमाई में
वह बरकत नहीं है।
जरूरतें मुँह बाए खड़ी रहती हैं,
मैं जरूरतें पूरी कर लेता था,
मेरी कमाई में बरकत भी थी।
मैं तब भी कम बोलता था,
यह गुर मैंने पिता से सीखा था।
अब बहुत पढ़े-लिखे,समझदार
कहने को कामयाब लोग हैं,
मगर इतनी भी फुर्सत नहीं
कि पिता की ओर मुड़कर देख सकें।
भला बूढ़े, निठल्ले की
कौन सुनता है?
लाचार हूँ,......इसलिए बोलता नहीं हूँl
मेरी खामोशी उन्हें याद आएगी,
मेरे हमेशा के लिए
खामोश हो जाने के बाद।
मैं जानता हूँ...
क्योंकि मैं एक पिता हूँ!
nlbharatiauthor@gmail.com 

Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ