ठहरी हुई घड़ियाँ और वे लोग
डॉ. मधुछन्दा चक्रवर्ती
बैंगलोर कर्नाटक
उस दिन दोपहर में मौसम काफी उमस भरा था। मैं, मेरे पति और हमारी छोटी बेटी—हम तीनों टी.सी. पाल्या गए हुए थे। बेटी के लिए कुछ ज़रूरी सामान लेना था और मेरे हाथ में एक पॉलीथिन थी, जिसमें मेरी तीन पुरानी घड़ियाँ रखी हुई थीं। तीनों घड़ियाँ काफी समय से बंद पड़ी थीं और उनमें बैटरी बदलवानी थी। सभी काम निपटाते-निपटाते देर हो गई और रात हो गई। हम घड़ी की दुकान ढूंढते हुए एक गली के मोड़ पर बनी दुकान पर पहुँचे। हम तीनों गाड़ी से उतरे और दुकान पर पहुंचे। दुकान छोटी-सी थी, और दुकानवाला चश्मा चढ़ाकर बड़े ध्यान से पेचकस से घड़ी का ढक्कन खोल रहा था।
तभी बाहर सड़क पर अचानक शोर मचने लगा।
हमने मुड़कर देखा तो एक आदमी सड़क के बीचों-बीच चल रहा था। उसने काफी शराब पी रखी थी। सड़क पर गाड़ियाँ और बाइकें बहुत तेज़ रफ्तार से आ रही थीं, लेकिन उसे कोई परवाह नहीं थी। वह कभी किसी बाइक के आगे आ जाता, तो कभी कार के बिल्कुल सामने पहुँच जाता। मुँह में जो आ रहा था, वही बड़बड़ा रहा था और उल्टा-सीधा गाना गा रहा था। लोग अपनी गाड़ियों के ब्रेक मारते और उस पर कन्नड़ में गुस्सा होकर गालियाँ देने लगते, उसे डाँटते। लेकिन वह भी अपनी ही धुन में कन्नड़ में कुछ-कुछ बोलता हुआ आगे बढ़ता जा रहा था।
मेरी बेटी ने डरकर मेरा हाथ पकड़ लिया। पति ने भी उसे थोड़ा पीछे करते हुए कहा, "हटो-हटो उधर से, पता नहीं कैसा आदमी है, कहीं आ न जाए।"
पर मैं उसे ही देखती रह गई। उसे देखकर मुझे अचानक वे सारे लोग याद आने लगे, जिन्हें हम 'पागल' कह देते हैं।
मेरा दिमाग सीधे मुझे मेरे कॉलेज के दिनों में ले गया। जब मैं सिलचर में जी.सी. कॉलेज में पढ़ती थी, तब सुभाष नगर में रहती थी। एक दिन कॉलेज से घर लौटते समय रास्ते में मैंने एक विक्षिप्त आदमी को देखा था। उसकी दाढ़ी-मूँछ और सिर के बाल एकदम उलझे और मैले थे। कपड़े फटे हुए थे और उनमें कीचड़ और गंदगी लगी हुई थी। उसने नाले के पास पड़ी एक पानी की गंदी प्लास्टिक की पन्नी उठाई और उसमें जो पानी था, उसे ही गटागट पीने लगा।
उस समय उसे देखकर एक पल के लिए बहुत घिन आई थी, लेकिन अगले ही पल मेरी आँखों में आँसू आ गए। मेरा दिल भारी हो गया कि भगवान! इस इंसान की क्या हालत हो गई है? किस मजबूरी या सदमे ने इसे इस हाल में पहुँचा दिया कि इसे नाले का पानी पीना पड़ रहा है? तब तो पता नहीं चल सका, पर अगले दिन अपनी सहेलियों को इस बारे में बताया तो उन्होंने कहा कि वह और कोई नहीं, उसी कॉलेज का ही एक छात्र था—शायद जो काफी साल पहले रैगिंग के कारण मानसिक संतुलन खो बैठा था।
मेरा मन अक्सर ही सड़क पर भीख माँगते बुज़ुर्गों और पागलों को देखकर न जाने क्यों धक-सा करता है—आज भी। बचपन से न जाने कितनी ही बार कितने पागलों और शराब के नशे में धुत लोगों को देखा है, जिससे कई किस्से याद आते हैं। शायद मन के कोने में उनके जीवन और उनकी हालत पर तरस खाकर मैंने गरीब भूखे बुजुर्ग भिखारियों के लिए कविता लिखी थी—'भूख'। परन्तु शराबियों पर नहीं लिखी, क्योंकि शराबियों के किस्से न तो अच्छे होते हैं, बल्कि कुछ भयानक और डरावने भी होते हैं।
ऐसा ही एक किस्सा मुझे मेरे स्कूल के दिनों का याद आता है। अगरतला के असम राइफल्स के कैंपस में हम रहा करते थे। पिताजी वहीं असम राइफल्स स्कूल में काम करते थे। अक्सर हम लोग गर्मी के दिनों में चाँदनी रात को गर्मी से बचने के लिए रात की सड़क पर घूमते थे। चूँकि कैंपस था, इसलिए माँ को हमारे गुम होने या किसी अन्य चीज़ का भय नहीं था। मैं सड़क पर टहलते हुए और साथ में पड़ोस की एक दीदी के साथ आगे निकल गई और उस रास्ते पर आ गई, जहाँ हमारी स्कूल जाने वाली बस खड़ी होती थी। वहाँ एक बड़ा-सा पेड़ था और आसपास बड़े मैदान थे। मैदान के पार दूसरे सिपाहियों की बैरकें और दफ़्तर थे। वैसे, अपने क्वार्टर के सामने भी दो-तीन बैरकें थीं।
तभी शायद एक सिपाही शराब के नशे में कुछ-कुछ बकता हुआ हमारे सामने से गुज़रा। शायद उसने इतनी ज़्यादा पी ली थी कि उसे होश ही नहीं था। हम दोनों ही डर गईं और भागकर वापस अपने क्वार्टर कॉम्प्लेक्स की तरफ आ गईं। माँ और बाकी भाई-बहन तब भी वहीं टहल रहे थे। मैंने आकर माँ को सब कुछ बताया तो माँ ने डाँटते हुए कहा कि मुझे उनके साथ ही रहना चाहिए था। बाद में उस सिपाही का क्या हुआ, पता नहीं चल सका। हो सकता है अनुशासन तोड़ने की सज़ा मिली हो।
परन्तु आर्मी कैंपस की कैंटीन में शराब बिकती है, क्योंकि यह शराब सिपाहियों को तनाव और ठंड से मुकाबले के लिए राशन में दी जाती है। उसके बाद से ही मैंने शराब पीकर घरेलू हिंसा करते कई लोगों के किस्से भी सुने हैं। इतना ही नहीं, स्कूल में भी कई बार सहपाठी लड़कियों से कैंपस के बाहर—यानी अगरतला शहर में रह रहे स्थानीय और अन्य लोगों के किस्से सुने थे। लड़के शराब पीते हैं, यह बात तब समझ आ गई थी। सिनेमा ने भी तो नायक को दुख में शराब पीकर गाना गाने और अपनी प्रेमिका के दिल में करुणा जगाने की भरसक कोशिश करने का प्रचार किया है। भरी बोतल गटकते हीरो को अच्छा और सुंदर दिखाना तो सिनेमा का धर्म ही रहा है।
इसी तरह मुझे एक और पागल लड़के की याद आई, जब मैं अगरतला शहर में एक महिला हॉस्टल में रहकर त्रिपुरा विश्वविद्यालय में अतिथि अध्यापक के रूप में काम कर रही थी। तब मैं बिजली विभाग के पुराने दफ़्तर वाली गली में रहती थी, वहीं पर हॉस्टल था। मुझे याद है कि एक सुबह विश्वविद्यालय जाने में देर हो गई थी। सुबह नौ बजे ही पहुँचना था, पर किसी कारणवश देरी हो गई। मैं जब गली के मुहाने पर पहुँची और वहीं से मुख्य सड़क पर निकली, तो अचानक मेरे सामने एक लड़का आ गया। उसके शरीर पर कमीज़ तो थी, लेकिन नीचे आधे-अधूरे या पूरी तरह से फट चुके कपड़े थे। वो कचरे के ढेर के ऊपर अजीब तरीके से खड़ा था, जैसे कि कोई स्टेच्यू बना हो। उसे देखकर मन में डर सा हुआ, लेकिन देर होने की वजह से मैं वहाँ से निकल गई।
रास्ते भर यही सोचती रही कि क्या इसके परिवार वाले नहीं होंगे—माता-पिता, भाई-बहन नहीं होंगे, जो कितने दुखी होंगे कि उनके परिवार का कोई इस तरह गुम हो गया है या सड़क पर ऐसे भटक रहा है? कितने बेघर लोगों और ऐसे पागलों को देखकर मन में यही प्रश्न बार-बार उठता रहा है।
वैसे भी मुझे बचपन का एक किस्सा याद आने से आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं। एक बार हम पिताजी के तबादले के बाद ट्रेन से ही दूसरी जगह जा रहे थे। तब अचानक पिताजी हमारे लिए शायद पानी या कुछ लेने ट्रेन से उतरे थे कि ट्रेन छूट गई थी और हम तीनों भाई-बहन और मम्मी साथ में थी। हम तीनों कितना रोए थे! वहीं, एक बार मैं खुद ही स्कूल बस छूटने पर एक सज्जन व्यक्ति की सहायता से सही-सलामत घर पहुँच पाई थी। इसी तरह मुझे अगरतला में ही वटतला बस अड्डे के आस-पास घूमती हुई एक पागल औरत की याद आई थी, जिसे मैंने बस में बैठे हुए देखा था। उसके बारे में मैंने पहले ही लिखा है, जिसे यहाँ अधिक लिखना सही न रहेगा। टीवी पर तो ऐसे कितने ही किस्से सुने और देखे थे। मुझे उड़ीसा का एक और वाक़या याद आया। वहाँ बस स्टॉप पर मैंने एक आदमी को देखा था। वह दुबला-पतला-सा, कम उम्र का ही लड़का या आदमी रहा होगा। वह बस स्टॉप पर बिना किसी वजह के इधर-उधर बदहवास होकर भाग रहा था। न उसके पास कोई सामान था, न उसे कहीं जाना था, बस वह बेमकसद भटक रहा था।
इसी तरह के कई बार कई शराबी और पागल लोग दिखे मुझे और मन में प्रश्न उठे कि इनके परिवार का क्या होता होगा? पड़ोस में ही जब झगड़ा या फिर शराब का नशा करके लौट रहे लोगों को घर आकर ऊटपटाँग हरकतें करते देख, उनके घर की महिलाओं को शर्मिंदगी से सिर झुकाते देखती थी, तो न जाने इन लोगों के परिवारों का क्या हाल होता होगा! कई बार लगा कि शायद परिवार ने इन्हें भुला दिया होगा, ताकि समाज में कम-से-कम इज़्ज़त के साथ जी सकें। कोई शायद अपनों को ढूँढ भी रहा होगा।
इतना सब कुछ दिमाग़ में घूम रहा था कि तभी दुकानदार ने तीनों घड़ियों में नई बैटरी लगा दी थी और वे फिर से 'टिक-टिक' करके चलने लगी थीं। मैंने दुकान वाले को पैसे दिए और हम बाहर आ गए।
सड़क पर वह शराबी आदमी अब थोड़ा किनारे होकर बैठ गया था। गाड़ियाँ अपने रास्ते जा रही थीं, लोग अपने-अपने काम से भाग रहे थे। सब अपनी-अपनी ज़िंदगी की घड़ी के हिसाब से चल रहे थे।
पर मैं सोच रही थी कि हम अपनी बंद घड़ियों में तो नई बैटरी डालकर उन्हें फिर से चला लेते हैं, लेकिन ये जो लोग सड़क किनारे पागल या सिरफिरे बनकर घूमते हैं, इनकी ज़िंदगी की बैटरी जब बंद होती है, तो उसे कोई ठीक करने वाला नहीं होता। लोग इन्हें सिर्फ गालियाँ देते हैं या दुत्कार देते हैं।
पति ने कहा, "चलो, क्या सोचने लगीं?"
मैंने बेटी का हाथ पकड़ा और हम घर जाने के लिए गाड़ी में बैठ गए।
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY