Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

कत्ल

 

कत्ल

कब- कहाँ- क्या हुआ, कैसे हुआ,
किसने- कैसे किया, जो भी हुआ?
प्रश्न बहुत, उत्तर का पता नहीं,
कौन था- किसके संग, क्या हुआ?

अफ़वाहों का बाज़ार गर्म है बहुत,
यह हुआ वह हुआ, कुछ हुआ बहुत।
जितने मुँह उतनी बातें, आँखों देखी,
बता रहे, चश्मदीदों को देखा बहुत।

झूठ के पाँव नहीं होते, सदा सुनते रहे,
झूठ के पक्ष में ही लोग, तर्क बुनते रहे।
कोई मजबूरी कोई ज़ालिम बताता रहा,
झूठ को महिमा मंडित, कब्र में चुनते रहे।

शहर में कत्ल की चर्चाओं का शोर था,
फूल सी लड़की को मारने का शोर था।
कातिल को उसका आशिक बताया गया,
मार कर खुद भी मरा, बेवफ़ा का शोर था।

सच की तलाश में प्रशासन भी जुट गया,
झूठ के बाज़ार में पुलिस का दम घुट गया।
निकम्मा भ्रष्ट शासन मीडिया में उछाला गया,
सच की तलाश में प्रशासन उपवन तक गया।

उपवन की निराई गुड़ाई में माली लगा था,
कुछ फूल पौधों का उसनें हटा दिया था।
बस इतना ही कहा कि बाग़ में कत्ल हुआ,
सच नहीं जाना किसी ने, बस प्रश्न हुआ था।

डॉ. अ. कीर्ति वर्द्धन

Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ