सोच समझ कर चालें चलना, उल्टा न पड़ जाये पांसा,
भरी हुई महफिल में अपना, बन न जाये कहीं तमाशा।
यूँ तो है विश्वास हमें, उल्टी सीधी शातिर चालों का,
अहंकार से भरे दरबारी, सबक सिखाना तुमसे आशा।
दुष्टों को ज्ञान की बातें, सदा विष समान लगती हैं,
निर्लज्ज को निर्लज्ज बातें, अमृत समान जँचती हैं।
विष प्रभाव विष से ही कटता, ज्ञानी जन समझाते,
शान्ति की राह कठिन, युद्ध से शान्ति राह बनती है।
हर पग पर शकुनि बैठे हैं, अपने पांसे खेल रहे,
सत्ता के भीतर अपने भी, निज स्वार्थ में खेल रहे।
लगा हुआ है राष्ट्र दांव पर, घर घर में दुर्योधन है,
गांधारी की आँखों पट्टी, कुछ निष्ठावश खेल रहे।
कब तक सहना दुष्टों का, कालखंड निर्धारण हो,
अधर्म की चालें कब तक, धर्म चक्र पारायण हो।
कुरूक्षेत्र में उत्साहित सेना, अर्जुन भरे विषाद से,
कृष्ण ज्ञान धर्म कर्म का, मरे हुओं का तारण हो।
डॉ. अ. कीर्ति वर्द्धन
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY