ग़ज़लनुमा नज़्म - ख़ामोश गुरुओं से एक सवाल
देवांश सक्सेना
द्रौपदी की लाज लुटती थी भरी दरबार में,
भीष्म बैठे थे, द्रोण बैठे थे उसी दरबार में।
धर्म की व्याख्या करने वाले सभी मौजूद थे,
क्यों नहीं कोई खड़ा था उस घड़ी प्रतिकार में?
एकलव्य ने अपना अँगूठा गुरु-दक्षिणा में दिया,
किसने पूछा, क्या उचित था इस कठिन व्यवहार में?
अभिमन्यु को घेरकर जब छह महारथियों ने मारा,
कहाँ था धर्म उस दिन रणभूमि के विस्तार में?
धृतराष्ट्र पुत्रमोह में न्याय से मुँह मोड़ते रहे,
विदुर की आवाज़ दबती रही राजदरबार में।
कर्ण के कौशल को कुल और वंश से तौला गया,
कौन था निष्पक्ष उस दिन शौर्य के व्यापार में?
गुरु द्रोण के सामने भी प्रश्न कई उठते रहे,
शिष्य के हित से बड़ा क्या था किसी अधिकार में?
रावणों की सभा में विभीषण ने सच कह दिया,
सच की कीमत चुकानी पड़ी अपने ही परिवार में।
मारीच ने भी रावण को परिणाम से आगाह किया,
अहंकार जीतता रहा उस लंका के दरबार में।
सती की चिता जलती रही, समाज देखता रहा,
कितने धर्माचार्य खड़े थे उस कुरीति के प्रतिकार में?
सावित्रीबाई पर पत्थर और अपमान बरसते रहे,
कौन आया था उन्हें बचाने उस सामाजिक व्यवहार में?
महाड़ में पानी के लिए इंसान को लड़ना पड़ा,
कितने धर्मरक्षक खड़े थे समानता के अधिकार में?
मैं किसी गुरु की गरिमा को मिटाना चाहता नहीं,
बस परखना चाहता हूँ उसको समय की मार में।
क्योंकि मौन भी कभी-कभी पक्ष बन जाता है,
जब किसी मज़लूम की चीख़ गूँजती संसार में।
गुरु होना सिर्फ़ ज्ञान की बातें सिखाना तो नहीं,
सत्य के पक्ष में खड़ा होना भी है संसार में।
Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY