Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

प्रतिमाक्षरा छंद

 
प्रतिमाक्षरा छंद "मधुर मिलन"

सजती सदा सजन से सजनी।
शशि से यथा धवल हो रजनी।।
यह भूमि आस धर के तरसे।
कब मेघ आय इस पे बरसे।।

लगता मयंक नभ पे उभरा।
नव चाव रात्रि मन में पसरा।।
जब शुभ्र आभ इसकी बिखरे।
तब मुग्ध होय रजनी निखरे।।

सजना सजे सजनियाँ सहमी।
धड़के मुआ हृदय जो वहमी।।
घिर बार बार असमंजस में।
अब चैन है न इस अंतस में।।

मन में मची मिलन आतुरता।
अँखियाँ करे चपल चातुरता।।
उर में खिली मदन मादकता।
तन में बढ़ी प्रणय दाहकता।।
==================
*प्रतिमाक्षरा छंद* विधान:-

"सजसासु" वर्ण सज द्वादश ये।
'प्रतिमाक्षरा' मधुर छंदस दे।।

"सजसासु" = सगण जगण सगण सगण
112  121  112  112 = 12 वर्ण। चार चरण, दो दो समतुकांत।
*****************

Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ