Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

गिरगिट

 

गिरगिट

कभी देखा है गिरगिट को?
वो नहीं —
जो पेड़ों की डाल पर
रंग बदलता है,
बल्कि वो
जो तुम्हारे-हमारे बीच
चेहरा बदलता है।

जो एक पल
सिद्धांत का झंडा उठाता है,
दूसरे पल
सुविधा के रंग में रंग जाता है।

जो भीड़ में
नायक बनता है,
अकेले में
सत्ता की परछाई में
सहम जाता है।

गिरगिट अब जंगल में नहीं,
कुर्सियों के इर्द-गिर्द
घूमते हैं।
मंचों पर भाषण देते हैं,
ताली बजवाते हैं,
और हर रंग
समय की मांग पर
ओढ़ लेते हैं।

सच तो यह है —
रंग बदलना
अब केवल गिरगिट की कला नहीं,
सभ्यता का
अघोषित संस्कार है।

जो रंग न बदले,
वो पुराना है,
अडियल है,
बेचारा है।

और जो गिरगिट की तरह
हर मौसम में
हर व्यवस्था में
हर चेहरे के सामने
एक नया रंग ले आए —
उसे हम
'समाजधर्मी' कहते हैं।

अब तुम ही तय करो,
तुम गिरगिट से बचे हो?
या
किसी कोने में
तुम भी एक रंग
ओढ़ चुके हो?

©®अमरेश सिंह भदौरिया

Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ