Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

चाय को जिसने उबलकर यूँ मनोहर कर दिया

 
चाय को जिसने उबलकर यूँ मनोहर कर दिया,
एक छलनी ने उसी को छान बाहर कर दिया।

ज़िंदगी भर जो बनाता ही रहा सबके मकाँ,
शाम ढलते ही उसी को आज बेघर कर दिया।

बाँटकर अपनी नमी जिसने सजाई हर कली,
फूल खिलते ही उसी का बाग़ बंजर कर दिया।

धूप में चमका शिखर, गुणगान उसका ही हुआ,
और नींवों का अँधेरा ही मुक़द्दर कर दिया।

ख़ुद रहा नेपथ्य में वो, हर चमक से दूर ही,
पर उसी के त्याग ने सबको सिकंदर कर दिया।

छोड़ दी जब से जगत में मान पाने की ललक,
हर उपेक्षा ने मुझे सच्चा क़लंदर कर दिया।

छन गया हूँ, ग़म नहीं है, रंग मेरा घुल गया,
देख ले 'अमरेश' मैंने कर्म अक्षर कर दिया।



Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ