Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

बलराम जयंती

 
बलराम जयंती परंपरा के हल और आस्था के बीज

✍️ अमरेश सिंह भदौरिया

आज भाद्रपद कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि है—वह दिन जिसे हमारे गांव-देहात में हलषष्ठी, ललही छठ या बलराम जयंती कहा जाता है। यह दिन बचपन से ही मेरे मन में एक विशेष स्थान रखता है। बरसात के दिनों में, खेतों में कच्ची मिट्टी की सौंधी महक के बीच, गांव की महिलाएं पीली-हरी चुनरी ओढ़े, नदी-तालाब के किनारे पूजा करतीं—यह दृश्य किसी भी मनुष्य को अपनी मिट्टी से जोड़े रखने के लिए काफी था।

श्रीकृष्ण के ज्येष्ठ भ्राता बलराम, जिनके हाथ में हल था, केवल युद्ध के वीर नहीं थे, बल्कि धरती के सच्चे पूजारी थे। हल, उनके हाथों में, केवल लोहे का औजार नहीं—धरती के गर्भ से जीवन निकालने वाली आस्था का प्रतीक था। हलषष्ठी पर माताएं अपने बच्चों के कल्याण और लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखती हैं, खेतों में हल चलाना वर्जित होता है। यह विराम हमें बताता है कि खेती केवल उत्पादन नहीं, बल्कि धरती के साथ संवाद है—जहाँ कभी-कभी चुप्पी भी संवाद का हिस्सा होती है।

आज जब हमारे गांव बदल रहे हैं, खेत सिकुड़ रहे हैं, और खेती करने वाले हाथ शहरों की ओर बढ़ रहे हैं, तब यह पर्व एक आईना बनकर सामने आता है। यह पूछता है—क्या हम बलराम के उस श्रम, उस सहजता, उस अपनापन को भूलते जा रहे हैं जो हमारे समाज की नींव में था?

मैंने अपने बचपन में देखा है—मेरी मां, बुआ और चाची, हलषष्ठी के दिन सुबह-सुबह उठकर कुएं से पानी भरतीं, कच्ची धरती पर लकड़ी के आसन पर बैठकर बलराम की कथा सुनातीं। बच्चों के लिए यह कथा कोई पुरानी दंतकथा नहीं, बल्कि खेत, फसल, और अपने गांव के भविष्य की कहानी होती थी।

बलराम जयंती केवल अतीत का स्मरण नहीं, बल्कि भविष्य के लिए एक चेतावनी भी है। अगर हम खेतों को त्याग देंगे, तो केवल अन्न नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, अपनी जड़ों और अपनी आत्मनिर्भरता को भी खो देंगे।

यह पर्व हमें सिखाता है कि हमें परंपरा के हल से आधुनिकता की बंजर हो रही चेतना में भी आस्था, श्रम और संवेदनशीलता के बीज बोते रहना चाहिए। तभी धरती भी मुस्कुराएगी और आने वाली पीढ़ियां भी इस मिट्टी की महक पहचान पाएंगी।








Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ