Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

चंद्रयान 03 में सिवनी की भी रही महती भूमिका

प्रमोद ने किया सिवनी को गौरवान्वित, मिशन मंगल में निभा चुके हैं 2014 में महत्वपूर्ण भूमिका

(अखिलेश दुबे)

सिवनी (साई)। सिवनी की माटी में पले बढ़े इंजीनियर प्रमोद सोनी ने सिवनी की माटी को गौरवांवित किया है। चंद्रयान 03 अभियान की अभूतपूर्व कामयाबी की इबारत में मध्य प्रदेश के सिवनी का नाम भी स्वर्ण अक्षरों में इसलिए लिखा जाएगा क्योंकि इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे साईंटिस्ट प्रमोद सोनी सिवनी के मूल निवासी हैं।

बंगलुरू स्थित इसरोे के सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि चंद्रयान 03 के प्रक्षेपण के उपरांत टीम के अनेक सदस्य चौबीसों घंटे पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए थे। इसमें सिवनी निवासी प्रमोद कुमार सोनी पिछले 40 दिनों से अपने घर नहीं गए हैं, वे इसरो में ही रहकर अपना काम कर रहे हैं। चंद्रयान की सफल लैंडिग के बाद 23 अगस्त को रात वे अपने बंग्लुरू स्थित घर वापस लौट पाएंगे।

प्रमोद कुमार सोनी के पिता नील कण्ठ सोनी सिवनी में लोक निर्माण विभाग में अनुविभागीय अधिकारी के पद से सेवानिवृत हुए हैं एवं वर्तमान में वे लूघरवाड़ा स्थित वीर होम्स में निवास कर रहे हैं। उन्होंने समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया को बताया कि प्रमोद की आरंभिक पढ़ाई गर्वमेंट स्कूल सिवनी, फिर कटंगी और बालाघाट में पूरी हुई। इसके उपरांत प्रमोद सोनी ने चेन्नई से एरोनॉटिक्स इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एमटेक की उपाधि देश के ख्यातिलब्ध आईआईटी खड़कपुर से प्राप्त की। इसके बाद से इसरो में वैज्ञानिक के पद पर कार्य करने लगे।

उल्लेखनीय होगा कि सितंबर 2014 में मंगल अभियान सफलता पूर्वक संपन्न कराया गया था। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बंग्लुरू में हाथ मिलाकर बधाई लेने वालों में सिवनी जिले के लाल, इंजीनियर प्रमोद सोनी भी शामिल थे। उस दौरान प्रमोद कुमार सोनी इस अभियान में एक महत्वपूर्ण शाखा फ्लाईट डायनमिक समूह में मार्स स्पेसक्राफ्ट हेतु ऑरबिट डेटरमिनेशन का काम सौंपा गया था।



-- 

Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ