Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator
*सँस्कार भारती मुजफरनगर इकाई*, मेरठ प्रांत के तत्वाधान में *नववर्ष अभिनंदन ,विक्रम संवत 2080* के शुभ उपलक्ष्य में एक सुंदर कार्यक्रम का आयोजन आज पंचायत घर,भोपा में बड़ी ही धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ वाणी के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कवियत्री प्रतिभा त्रिपाठी द्वारा उनकी सुंदर वंदना से किया। संस्था महामंत्री पंकज शर्मा ने संस्कार भारती का ध्येय गीत पढ़ा। इकाई महामंत्री पंकज शर्मा के साथ मोहित शर्मा एवं नाट्य विधा संयोजक अंकित शर्मा ने विधिवत सस्वर मंत्रोच्चार कर सभी देवी देवताओं का पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए संस्कार भारती मुजफ्फर नगर इकाई द्वारा मंचासीन सभी अतिथियों को पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत-सम्मान किया गया। मेरठ प्रांत के विभाग संयोजक 
ड़ा0 अ.कीर्तिवर्धन ने संस्था के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विस्तारपूर्वक आज के आयोजन पर अपने विचार प्रकट किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान भोपा श्री तरुण कुमार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में श्री बलिराम ,श्री अमरपाल सिंह (निर्देशक श्री रामलीला कमेटी भोपा),श्री तरुण वालिया (संचालक सहकारी समिति भोपा),ड़ा अजय कुमार, श्री ईश्वर कुमार एवं ड़ा रूपेश कुमार(राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) उपस्थित रहे।
युवा प्रतिभा अर्जुन कुमार के मनोहारी गीत के साथ काव्य गोष्ठी प्रारंभ हुई। ईश्वर कुमार ने अपने गीत से सबको उर्जित कर दिया। लोकगीत एवं भजन विशेषज्ञ बलिराम जी के गीत सुनकर सारे श्रोता झूम उठे। अमरपाल जी ,राहुल शर्मा,आर्यन कुमार एवं पाठक जी ने अपने दोहों ,संवादों एवं प्रसंगों से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। नाट्य विधा संयोजक अंकित शर्मा की भावपूर्ण प्रस्तुति से सबके नैन सजल हो उठे। कवियत्री श्रीमती प्रतिभा त्रिपाठी के गीत ने अंतर्मन छू लिया। कवियत्री सपना अग्रवाल,श्रीमती इंदु राठी,श्रीमती सुनीता सोलंकी की बेहतरीन रचनाओं ने समा बाँध दिया।कवियत्री लक्ष्मी डबराल ने श्रीराम को समर्पित अपनी कविता से सबको आनंदित कर दिया। जिला उपाध्यक्ष कवि श्री रामकुमार रागी जी के गाँव पर आधारित गीत ने भारतीय संस्कृति का दर्शन कराते हुए सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विभाग संयोजक श्री अ.कीर्तिवर्धन जी के खाट पर आधारित गीत ने  बाल्यकाल से वृद्धावस्था तक मानव जीवन का दर्शन करा दिया। उन्होंने अपने संबोधन में सभी को धन्यवाद प्रेषित किया। अंत में संस्कार भारती की ओर से कवियत्री श्रीमती प्रतिभा त्रिपाठी जी को भावपूर्ण विदाई देते हुए उन्हें शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट की गयी। इस अवसर पर श्री रागी जी ने मानवीय नातों की मूल्यता एवं महत्ता पर बड़े सुंदर विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन पंकज शर्मा ने किया।

इस अविस्मरणीय कार्यक्रम के आयोजन में अंकित शर्मा,अर्जुन सिंह,आर्यन कुमार एवं मोहित शर्मा का अमूल्य योगदान रहा।

Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ